पहले जैसा ही है शो का फॉर्मेंट
'शार्क टैंक इंडिया' का सीजन 5 सोमवार 5 जनवरी 2026 से शुरू हुआ है। दर्शक इस शो को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर रात 10 बजे से देख सकते हैं। इसके अलावा यह शो ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर भी स्ट्रीम हो रहा है। शो का फॉर्मेट पहले जैसा ही है। इसमें कई राउंड की स्क्रीनिंग के बाद चुने गए स्टार्टअप्स को शार्क्स के सामने पिच करने का अवसर दिया जाएगा।
नए 'शार्क्स' में सबसे ज्यादा चर्चित प्रथम मित्तल कौन हैं?
'शार्क टैंक इंडिया सीजन 5' में जुड़े नए शार्क में सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है प्रथम मित्तल की। वे इस लोकप्रिय बिजनेस रियलिटी शो में एक अलग लक्ष्य लेकर आए हैं। प्रथम मित्तल एक उद्यमी हैं। उन्होंने न सिर्फ स्टार्टअप्स बनाए, बल्कि शिक्षा के पारंपरिक ढांचे को भी चुनौती दी। प्रथम मित्तल मास्टर्स यूनियन और टेटर कॉलेज ऑफ बिजनेस के संस्थापक हैं। दो ऐसे संस्थान जिन्होंने मैनेजमेंट एजुकेशन को क्लासरूम की चार दीवारों से बाहर निकाल दिया है।
प्रथम मित्तल की एजुकेशन
एजुकेशन के मामले में भी प्रथम मित्तल की पृष्ठभूमि उतनी ही प्रभावशाली है। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा देहरादून के प्रतिष्ठित द दून स्कूल से पूरी की। फिर उन्होंने अमेरिका के व्हार्टन स्कूल, यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिलवेनिया से सिस्टम इंजीनियरिंग और पॉलिटिकल साइंस में पढ़ाई की। साथ ही उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से इंटरनेशनल रिलेशन्स एंड अफेयर्स में शिक्षा प्राप्त की। उनके पिता डॉ. अशोक मित्तल पंजाब स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर हैं। फिलहाल प्रथम मित्तल की नेटवर्थ सार्वजनिक नहीं है।
पुराने शार्क्स भी हैं शो का हिस्सा
'शार्क टैंक इंडिया सीजन 5' में पुराने अनुभवी शार्क्स भी नजर आ रहे हैं। प्रथम मित्तल सहित छह नए चेहरे भी हैं। पुराने निवेशकों में अनुपम मित्तल (शादी डॉट कॉम), अमन गुप्ता (बोट), नमिता थापर (एमीक्योर फार्मासुटिकल), पीयूष बंसल (लेंसकार्ट), विनीता सिंह (शुगर कॉस्मेटिक), अमित जैन (कारदेखो), रितेश अग्रवाल (ओयो), कुणाल बहल (स्नैपडील, टाइटन कैपिटल) और विराज बहल (वीबा) जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं।
कौन हैं नए छह 'शार्क्स'?
इनके अलावा नए चेहरों की बात करें तो इस सीजन में प्रथम मित्तल के अलावा वरुण अलघ पहली बार शार्क टैंक इंडिया में नजर आएंगे। वे होनासा कंज्यूमर लिमिटेड के सीईओ और को फाउंडर हैं। उनकी नेटवर्थ करीब 5900 करोड़ रुपये है। इनके अलावा मोहित यादव हैं, जो मिनिमलिस्ट स्किनकेयर ब्रांड के को फाउंडर हैं। शैली मेहरोत्रा फिक्सडर्मा इंडिया की सीईओ हैं। हार्दिक कोठिया रेजॉन सोलर के फाउंडर हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ करीब 3970 करोड़ रुपये है। कनिका टेकरीवाल जेटसेटगो एविएशन की फाउंडर हैं। वह प्राइवेट जेट बिजनेस से जुड़ी हैं और उनकी नेटवर्थ करीब 420 करोड़ रुपये है।