छोटे पर्दे पर महाराणा प्रताप बन कर एक्टर शरद मल्होत्रा को लोकप्रियता तो मिली है, मगर वह मानते हैं कि ऐसे बड़े सीरियल में काम करने से जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। किरदार के साथ न्याय करने के बीच दर्शकों की उम्मीदों पर खरा भी उतरना पड़ता है।
शरद इन दिनों सोनी एंटरटेनमेंट के सीरियल द ग्रेट वारियर ऑफ मेवाड़ः महाराणा प्रताप में नजर आ रहे हैं। इस ऐतिहासिक कथानक का हिस्सा बन कर शरद खुश हैं और कहते हैं, ‘ऐतिहासिक शो में लार्जन दैन लाइफ रोल करना शानदार अनुभव है।
परंतु मुझे लगता है कि दर्शक आपसे बढ़िया परफॉरमेंस की उम्मीद रखते हैं और आपको उनकी आकांक्षाओं पर खरा उतरना पड़ता है। हर शॉट में ध्यान रखना पड़ता है कि आप क्या दिखने वाले हैं।’
शरद बताते हैं कि उन्हें इस महान योद्धा का रूप धरने के लिए मेक-अप समेत पूरी तैयारी करने में करीब 45 मिनट लगते हैं। कई बार तो ड्रेस और हथियारों का वजन इतना होता है कि शूटिंग करते हुए परेशानी होती है।
परंतु अंततः सारे तनाव और दर्द को सहते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना पड़ता है। महाराणा प्रताप के रोल के लिए हर दिन शरद को मेहनत करनी होती है और वह जमकर जिम में कसरत करते हैं, ताकि फिट बने रहें। शो के लिए उन्हें घुड़सवारी और युद्ध की कलाएं भी सीखनी पड़ीं। तलवार चलाने और घोड़े को साधने के लिए उन्हें एक विशेष ट्रेनर दिया गया है।
शरद कहते हैं, ‘ऐतिहासिक रोल निभाने की अपनी चुनौतियां हैं। इसके लिए शारीरिक के साथ मानसिक तैयारी भी खूब करनी पड़ती है। लेकिन जब आपको दर्शकों की तारीफ मिलती है तो काम के दौरान हुई सारी थकान आप भूल जाते हैं।’