हीरोइनों के लिए बिना मेक-अप के कैमरे के सामने आना चुनौती होता है। परंतु अभिनेत्री गुरदीप कोहली इससे भी एक कदम आगे बढ़ गई हैं।
वह जल्द ही प्रसारित होने जा रहे धारावाहिक दिल की बातें दिल ही जाने में सिर मुंडाए हुए नजर आएंगी। सीरियल में गुरदीप अनंदिता नाम की महिला की भूमिका निभा रही हैं जिसे कैंसर है और इलाज के दौरान उसे गंजी होना पड़ता है।
सोनी एंटरटेनमेंट पर यह सीरियल 23 मार्च से शुरू हो रहा है। यह सोमवार से गुरुवार तक रात 9.30 बजे प्रसारित होगा।
धारावाहिक के प्रोमो ने दर्शकों को चौंकाया है क्योंकि इस तरह का किरदर छोटे पर्दे पर पहले नहीं देखा गया। हर तरफ गुरदीप के साहस की सराहना हो रही है।
गुरदीप का कहना है, ‘जब मुझे इस किरदार के बारे में बताया गया तो मैंने खुद को अनंदिता की जगह रख कर देखा और उससे भावनात्मक जुड़ाव महसूस किया।
गंजा लुक रखना आसान नहीं होता मगर इस रोल को निभाने का और कोई रास्ता भी नहीं था। यह जटिल किरदार है, जिसकी जिंदगी में उथल-पुथल मची हुई है।’ सीरियल में राम कपूर भी गुरदीप के साथ अहम भूमिका में नजर आएंगे।
आएगा कलश भी
एंटरटेनमेंट चैनल लाइफ ओके पर भी 23 मार्च से नया सीरियल कलश शुरू होने को तैयार है। यह ऐसी लड़की की कहानी है जो मां अंबे में अपार श्रद्धा रखती है और मानती है कि देवी उसे हर मुश्किल से बचाएंगी।
क्या ऐसा होता है? सीरियल दिखाता है कि एक तरफ समाज स्त्री में देवी को देखता है और दूसरी तरफ उससे दुर्व्यवहार करता है। अपर्णा दीक्षित और कृप कपूर सूरी सीरियल में मुख्य भूमिकाएं निभा रहे हैं।