अब हमें अपने इस रंगीन किरदार लैला के बारे में कुछ बताइए?
लैला इस सीरियल के किरदार सिंहासन सिंह की पुरानी प्रेमिका है, उनका और लैला का एक काफी रोमांचक अतीत रहा है। लखनऊ की लैला के बारे में जो खास है वो हैं उसकी अदाएं, लटके झटके और उसकी निडरता। वह एक शानदार डांसर है जो सिर्फ देखने भर से ही लोगों को अपनी तरफ आकर्षित कर लेती है। लेकिन, लैला सबको डराकर रखने वाली महिला है। रेखा, शबाना आजमी, माधुरी दीक्षित और तब्बू जैसी दिग्गज अभिनेत्रियों को वह अपना गुरु मानती है। इन सबमें जो सबसे ज्यादा मोहित करता है वह है उसका लुक और उसके किरदार पर चढ़ी कई परतें।
आप अब तक कई शोज का हिस्सा रह चुकी हैं, ‘संतोषी मां सुनाएं व्रत कथाएं’ बाकी सभी से कैसे अलग है?
हर कलाकार को चुनौतियां पसंद होती हैं, उन्हें एक ऐसी भूमिका चाहिए होती है जो उनकी प्रतिभा को चुनौती दे और उन्हें प्रयोग करने की अनुमति दे। इस भूमिका ने मुझे अपनी तरफ आकर्षित किया और सबसे बड़ा तथ्य जो था वो था कि इसमें डांस शामिल है, जो कि मेरा जुनून है। इस भूमिका में काम करने के लिए बहुत कुछ है और यही वजह है कि मैंने ये भूमिका स्वीकार की। मैं किसी भी एक चीज पर अड़े रहने के पक्ष में नहीं हूं मुझे कुछ ऐसा करना है जो चुनौतीपूर्ण हो और बिलकुल अलग हो। इस भूमिका ने मुझे वही दिया है जिसकी मैं तलाश कर रही थी।
शो में आपका अब तक का अनुभव कैसा रहा है?
मैं इसे अपनी एक दमदार वापसी मानती हूं, क्योंकि मैंने नए साल 2021 का स्वागत लैला के रूप में शूटिंग करते हुए किया है। मैं दो दिनों तक लगातार लगभग आठ आठ घंटे नंगे पैरों से नाचती रही। लेकिन, लॉकडाउन के बाद अपने सह-कलाकारों के ग्रुप के साथ होना एक उत्सव की तरह लगता है, उन सभी ने हाथ फैलाकर तहे दिल से मेरा स्वागत किया और उन्होंने बताया कि लैला उन्हें बहुत पसंद आ रही है।
आपकी इस शो से और दर्शकों से क्या उम्मीदें हैं?
मैं खुद को एक ऐसे शो में पाकर बहुत भाग्यशाली महसूस कर रही हूं जो पिछले एक साल से सफलतापूर्वक चल रहा है। मैं दर्शकों की प्रतिक्रिया देखने के लिए बहुत ही ज्यादा उत्साहित हूं, खासकर मेरे प्रशंसकों की जिन्होंने हमेशा और इतने लम्बे समय तक मुझे सपोर्ट किया है। अब उनकी रिद्धिमा एक बार फिर से अपने उत्तेजक अवतार में ऑन-स्क्रीन पर वापस लौट रही है। एक नाटक में और अधिक ड्रामा लाने के लिए, शो में लैला की एंट्री आगे सिर्फ सभी चीजों को गड़बड़ करती हुई नजर आएगी।