उधर, धारावाहिक 'कहत हनुमान जय श्री राम' में महर्षि नारद का किरदार निभा रहे अभिनेता संजय कौशिक को इस सोमवार को ही कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। उनकी रिपोर्ट तब सामने आई जब वह सेट पर शूटिंग कर रहे थे। हालांकि, संजय ने अपने बयान में कहा है कि उन्हें जैसे ही इस वायरस के लक्षण अपने अंदर महसूस हुए, उन्होंने तुरंत शूटिंग से छुट्टी ले ली और वापस अपने घर चले गए। उन्होंने बताया है कि वह नहीं चाहते थे कि उनकी वजह से उनके साथ काम करने वाला कोई दूसरा इंसान इस वायरस से संक्रमित हो।
लोकप्रिय धारावाहिक 'भाबीजी घर पर हैं' के निर्माता संजय कोहली भी इस वायरस से अछूते नहीं रहे। बीते शनिवार को ही संजय को इस वायरस ने जकड़ लिया। हालांकि, संजय ने अपनी तरफ से एक बयान जारी करते हुए कहा है कि बीते कुछ दिनों में उनके संपर्क में जो भी व्यक्ति आया हो, वह अपना भी कोरोना वायरस का परीक्षण करवा ले। संजय ने बताया कि उन्होंने डॉक्टरों की देखरेख में खुद को आइसोलेट कर लिया है और इस समय होम क्वॉरेंटीन में रह रहे हैं।
इधर, लगभग एक महीने से अस्पताल में भर्ती गायक एसपी बालासुब्रमण्यम के बारे में उनके बेटे एसपी चरण ने जानकारी दी है कि आखिरकार उनके पिता कोरोना मुक्त हो गए हैं। लेकिन, हालत में ज्यादा सुधार न होने की वजह से डॉक्टरों ने उन्हें अब भी वेंटिलेटर पर ही रखा है। चरण ने बताया है कि वह पहले भी बता चुके हैं कि कोरोना की रिपोर्ट सकारात्मक या नकारात्मक आने से ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। क्योंकि, जब तक उनके पिता वेंटिलेटर पर हैं, तब तक उनकी बीमारी में कोई सुधार नहीं माना जा सकता। फिलहाल के लिए बालासुब्रमण्यम लिखकर बातचीत कर रहे हैं और अपने आईपैड पर क्रिकेट और टेनिस का मजा ले रहे हैं।