दारा सिंह, बेहद संजीदा और जिंदादिल आदमी थे। उनकी पहलवानी और अभिनय के कई किस्से हैं, जो उनके दोस्तों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। दारा सिंह के इन्हीं किस्सों में से एक किस्सा रामायण सीरियल में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने सुनाया था। सुनील ने बताया था किस तरह रील लाइफ में हनुमान का किरदार निभाने वाले दारा सिंह ने रियल लाइफ में भी हीरो का काम किया था।
सुनील बताते हैं, हम 'रामायण' सीरियल के सिलसिले में पहली बार देश से बाहर केन्या गए थे। एक दिन मैं और दारा सिंह जी शॉपिंग करने निकले। दारा सिंह जी ने मॉल से मेरी लिए एक बैग खरीदा था। हम उस बैग को हाथ में पकड़े वापस जा रहे थे। दारा सिंह जी मेरे आगे चल रहे थे। तभी, पीछे से एक चोर आया और मेरे हाथों से बैग छीनकर भागने लगा। मेरे शोर मचाने पर धारा सिंह जी पलटे और उन्होंने चोर को पकड़कर जमीन पर पटक दिया। और इस तरह उन्होंने मेरा बैग चोरी होने से बचा लिया।
यह किस्सा बताते समय सुनील, दारा सिंह को याद कर भावुक हो गए थे। सुनील ने बताया था कि उन्होंने आज भी उस बैग को अपने पास संभालकर रखा है। सुनील कहते हैं कि यह महान दारा सिंह जी की दी हुई निशानी है। और इसलिए मेरे लिए यह बैग बहुत कीमती है। यह इकलौता किस्सा नहीं है। उनके साथ काम करने वालों के पास उनसे जुड़े बहुत से किस्से हैं, जो उनकी महानता का परिचायक हैं। इस तरह दारा सिंह आज आज भी दोस्तों के किस्सों-कहानियों, फिल्मों और सीरियल्स में जिंदा हैं।