इस खुशखबरी को सबसे पहले पापा के साथ शेयर किया
प्रियंका ने अपनी इस खुशखबरी को सबसे पहले अपने परिवार और पापा के साथ शेयर किया। प्रियंका कहती हैं, ‘मेरी जिंदगी में मेरे परिवार से ज्यादा अहम कुछ नहीं है। इसलिए इस खुशखबरी को सबसे पहले मैंने अपने पापा को बताया। पापा ने मम्मी को बताया होगा और फिर पूरे घर में यह खबर फैल गई होगी।’
नागिन सिर्फ एक शो नहीं बल्कि एक बड़ी विरासत है
नागिन जैसी आइकॉनिक फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनना प्रियंका के लिए सम्मान के साथ भारी जिम्मेदारी भी है। इस बारे में एक्ट्रेस ने कहा, ‘मेरे दिमाग में सबसे पहला ख्याल यही आया कि यह सिर्फ एक शो नहीं, बल्कि एक बहुत बड़ी विरासत है। नागिन जैसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनना आसान नहीं होता। मैं खुद से पूछ रही थी कि क्या मैं इस जिम्मेदारी के साथ न्याय कर पाऊंगी। लेकिन इसी डर के साथ एक मजबूत आत्मविश्वास भी था। मैं चाहती हूं कि दर्शक जब मुझे नागिन के रूप में देखें, तो उन्हें कोई कमी महसूस न हो।’
मौनी रॉय आज भी मेरी सबसे पसंदीदा नागिन हैं
पुराने सीजनों को याद करते हुए प्रियंका कहती हैं, ‘नागिन के अब तक जितने भी सीजन आए हैं, वे सभी अपने आप में आइकॉनिक हैं। हर नागिन ने इस किरदार को खास बनाया है। मेरी कोशिश यही है कि नागिन 7 भी उसी ऊंचाई तक पहुंचे और अपनी अलग पहचान बनाए।’ अपनी पसंदीदा नागिन को लेकर प्रियंका ने कहा कि अगर मैं दिल से कहूं, तो सीजन वन की नागिन आज भी मेरे लिए सबसे खास हैं। मौनी रॉय ने उस किरदार को जिस खूबसूरती से निभाया, वह आज भी याद किया जाता है। वह न सिर्फ शानदार अभिनेत्री हैं, बल्कि एक बेहतरीन इंसान भी हैं।
नागिन का कॉस्ट्यूम पहनना भावुक कर देने वाला पल था
जब प्रियंका ने पहली बार खुद को नागिन के लुक में देखा, तो वह पल उनके लिए अविस्मरणीय बन गया। एक्ट्रेस ने कहा कि जब मैंने नागिन का कॉस्ट्यूम पहना और खुद को आईने में देखा, तो मेरी आंखें भर आईं। वह सिर्फ एक लुक नहीं था, बल्कि मेरे पूरे सफर का नतीजा था। उस पल मुझे खुद के अंदर एक अलग ही ताकत और आत्मविश्वास महसूस हुआ।
सलमान खान और प्रियंका चाहर
- फोटो : सोशल मीडिया
बिग बॉस के मंच पर सलमान खान के साथ दोबारा वापसी
बिग बॉस 16 की कंटेस्टेंट से लेकर सीजन 19 में नागिन 7 को प्रमोट करने तक के अपने सफर पर प्रियंका ने कहा कि सलमान सर के साथ स्टेज शेयर करना हर बार उतना ही खास होता है। उनके सामने खड़ा होना, उनसे बात करना किसी भी कलाकार के लिए बहुत बड़ी बात है। मैं स्टेज पर जाने से पहले बहुत नर्वस थी, लेकिन अंदर ही अंदर बेहद एक्साइटेड भी थी।
सलमान खान हमेशा कंटेस्टेंट्स को सपोर्ट करते हैं
सलमान खान को लेकर प्रियंका का कहना है कि सलमान सर ने मुझे दिल से शुभकामनाएं दीं। उन्हें यह देखकर खुशी हुई कि मैं बिग बॉस के बाद आगे अच्छा काम कर रही हूं। वह हमेशा अपने शो के कंटेस्टेंट्स को सपोर्ट करते हैं और यह बात मुझे अंदर तक छू गई।