एक बार फिर टीवी अभिनेता नंदीश सिंह संधू को प्यार हो गया है। एक्टर ने सगाई भी कर ली है। नंदीश, टीवी एक्ट्रेस रश्मि देसाई के पूर्व पति हैं। अब उन्होंने एक्ट्रेस कविता बनर्जी से सगाई की है।
नंदीश और कविता ने सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कीं
गुरुवार को नंदीश सिंह संधू और मंगेतर कविता बनर्जी ने इंस्टाग्राम पर सगाई की तस्वीरें शेयर की हैं। तस्वीरों के साथ एक कैप्शन भी लिखा है, ‘हाय पार्टनर।’ आगे अंगूठी और हार्ट इमोजी बनाया है। साथ ही लिखा है, ‘रेडी।’ इस तरह से नंदीश और कविता ने अपनी सगाई की जानकारी फैंस के साथ साझा की है।
ये खबर भी पढ़ें: Rashami Desai: रश्मि देसाई ने घटाया नौ किलो वजन, बोलीं- 'यह सफर आसान नहीं रहा और मंजिल अब भी नहीं मिली'
कौन है कविता बनर्जी?
नंदीश सिंह संधू की मंगेतर कविता बनर्जी की बात करें तो वह टीवी और फिल्मों में अभिनय कर चुकी हैं। कविता ने टीवी सीरियल ‘भाग्य लक्ष्मी’ में अभिनय किया। इसके अलावा भी कुछ और सीरियल किए। साथ ही वह फिल्म ‘एक विलेन रिटर्न्स’ में भी नजर आईं। इसके अलावा वेब सीरीज ‘हिचकी एंड हुकअप्स’ का भी हिस्सा रहीं। नंदीश की बात करें तो वह हिट सीरियल ‘उतरन’ में रश्मि देसाई के अपोजिट नजर आए थे। साथ ही वह फिल्म ‘सुपर 30’ का भी हिस्सा रहे हैं।
रश्मि देसाई संग साल 2015 में हुआ तलाक
नंदीश सिंह संधू की पूर्व पत्नी टीवी एक्ट्रेस रश्मि देसाई हैं। दोनों की मुलाकात सीरियल ‘उतरन’ के सेट पर हुई। इन्हें प्यार हुआ, फिर साल 2012 में दोनों ने शादी कर ली। लेकिन साल 2015 में दोनों का तलाक हो गया। तलाक के बाद रश्मि देसाई ने नंदीश पर घरेलू हिंसा का आरोप भी लगाया था।