लोगों का पंसदीदा शो 'नागिन' अपने चौथे सीजन के साथ फिर से दस्तक देने को तैयार है। देश के टॉप टीआरपी शोज में शुमार इस सीजन का नाम 'भाग्य का जहरीला खेल' रखा गया है। शो में निया शर्मा और जैस्मिन भसीन नागिन बनी हुई हैं। तो वहीं शालीन भनोट और सायंतनी घोष भी मुख्य किरदार में नजर आने वाले हैं। अब इस शो में अभिनेता विजयेंद्र कुमेरिया की भी एंट्री हो चुकी है। निर्माता एकता कपूर ने हाल में शो का नया प्रोमो भी शेयर किया।
शो में खास किरदार हासिल करने पर विजयेंद्र फूले नहीं समा रहे हैं। अपनी खुशी को साझा करते हुए उन्होंने कहा, 'यह मेरा पहला अलौकिक शो होने जा रहा है। मुझे विश्वास है कि यह एक शानदार अनुभव रहने वाला है। विभिन्न तरह के किरदार निभाना एक कलाकार का सपना होता है। मुझे खुशी है कि मैं भारतीय टेलीविजन पर सबसे अधिक देखे जाने वाले शो का हिस्सा हूं। शो में मेरा किरदार कहानी में कई तरह के मोड़ लेकर आएगा। मैं अपने चाहने वालों की प्रतिक्रिया पाने का इंतजार कर रहा हूं। '
सोशल मीडिया पर साझा किए शो के एक प्रोमो में निया शर्मा मंदिर के बाहर होती हैं, जहां उन्हें कुछ गुंडे तंग करने लगते हैं। तभी विजयेंद्र की एंट्री होती है। वह उन्हें गुंडों से बचाता है। हालांकि गुंडों से बचाने के बाद जैसे ही वह निया का दुपट्टा उठाता है तो वहां से एक सांप निकलता है जिसे देखकर सभी चौंक जाते हैं।
बिग बॉस 13: कप्तान बनते ही पारस से सलाह लेते दिखे सिद्धार्थ, यूजर्स ने किया ट्रोल