सेलेब्रिटियों के बीच दोस्ती आसानी से नहीं होती। उस पर अगर वे किसी एक शो में हों तो एक-दूसरे से ज्यादा बेहतर साबित होने की कोशिश करते साफ दिखाई देते हैं। ऐसा ही कुछ इन दिनों एंड टीवी के म्यूजिक रीयलिटी शो द वॉइस इंडिया के जजों सुनिधि चौहान और मीका सिंह के बीच नजर आ रहा है। सुनिधि ने इस बात को कभी नहीं छुपाया कि मीका के साथ अक्सर वह सहज नहीं रहतीं और दोनों के बीच पंगा चलता रहता है। दोनों सबके सामने एक-दूसरे को तीखी बात कहने से भी नहीं चूकते हैं।
मीका भी मानते हैं कि सुनिधि के साथ उनकी नहीं जमती। वह कहते हैं, ‘हमारे बीच झगड़ा और विवाद होता रहता है। कई बार मामला हल्का-फुल्का रहता है, जबकि कभी बात गंभीर भी हो जाती है।’ वैसे अच्छा यह है कि मतभेद और विवादों के बावजूद दोनों कभी आपा नहीं खोते। मीका के अनुसार, ‘हमारी पर्सनैलिटी अलग-अलग है और इसलिए हमारे बीच दूरियां देखने मिलती है।’ हालांकि वह मानते हैं कि सुनिधि उनकी अच्छी दोस्त और महान गायिका हैं। सुनिधि की भी मीका के बारे में यही राय है।