ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली और छह बार की वर्ल्ड चैंपियन मैरी कॉम की टीम ने माफी मांगी है। यह माफी इसलिए मांगी गई क्योंकि बॉक्सिंग की दिग्गज खिलाड़ी ने 'बिग बॉस 20' में एक टिप्पणी की, जिसकी सोशल मीडिया पर आलोचना हुई। दर्शकों ने उन पर दूसरी भारतीय महिला एथलीटों की उपलब्धियों को कमतर दिखाने का आरोप लगाया।
क्या बोलीं थीं मैरी कॉम?
सलमान खान के शो में काजी तौकीर के साथ बातचीत में मैरी कॉम ने अपनी उपलब्धियों के बारे में बात की। हालांकि, उनकी बात कुछ दर्शकों को पसंद नहीं आई। खेलों में कामयाब भारतीय महिलाओं के बारे में बात करते हुए, काजी तौकीर ने सानिया मिर्जा और साइना नेहवाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'हमारे यहां किन-किन लड़कियों ने खेलों में कमाल किया है, सानिया मिर्जा ने भी बहुत अच्छा किया, साइना नेहवाल...।' इस बीच मैरी कॉम ने कहा, 'मगर मेरे जैसा किसी ने कुछ हासिल नहीं किया। मैं छह बार की वर्ल्ड चैंपियन हूं।' इसके बाद कॉम ने एक ऐसी टिप्पणी की जिसने ऑनलाइन लोगों का ध्यान खींचा।
'बिग बॉस' 20 में मैरी कॉम
- फोटो : सोशल मीडिया
टीम ने क्या कहा?
मैरी कॉम की टीम की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि 'अगर मैरी की बातों का गलत मतलब निकाला गया, तो हम उसके लिए माफी मांगते हैं। उनका मकसद कभी भी किसी दूसरे एथलीट की यात्रा को कमतर आंकना या उसकी तुलना करना नहीं था। मैरी उन सभी एथलीटों का बहुत सम्मान करती हैं जो भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं और खेल के लिए अपना सब कुछ झोंक देते हैं। हर खिलाड़ी का सफर अनोखा होता है। हर कामयाबी मायने रखती है और हर मेडल भारत का मान बढ़ाता है।'
'बिग बॉस' 20 में मैरी कॉम और सलमान खान
- फोटो : सोशल मीडिया
मैरी कॉम ने रचा था इतिहास
बॉक्सिंग में मैरी कॉम का रिकॉर्ड भारतीय खेलों में सबसे शानदार रिकॉर्ड्स में से एक है। उन्होंने 2012 के लंदन ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था और ओलंपिक मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बॉक्सर बनी थीं।
प्रोफेशनल बॉक्सिंग में जा सकती हैं चैंपियन
'बिग बॉस 20' से जुड़ा विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब कॉम बॉक्सिंग में अपने अगले कदम के बारे में सोच रही हैं। इस साल की शुरुआत में, उन्होंने बताया था कि उम्र की पाबंदियों के कारण भारत के लिए एमेच्योर बॉक्सिंग में हिस्सा लेने की उनकी पात्रता खत्म हो गई है, इसलिए वह प्रोफेशनल बॉक्सिंग में जाने पर विचार कर रही हैं।
'बिग बॉस' 20 में मैरी कॉम
- फोटो : सोशल मीडिया
क्यों समय ले रही हैं मैरी कॉम?
उन्होंने कहा, 'खास उपलब्धियों के बारे में क्या कहूं? छह वर्ल्ड चैंपियनशिप जीतना अद्भुत था। हालांकि मैं एक ऐसे पड़ाव पर पहुंच गई थी जहां उम्र की पाबंदियों ने मुझे देश के लिए एमेच्योर बॉक्सिंग में आगे मुकाबला करने से रोक दिया, मगर अब प्रोफेशनल बॉक्सिंग में एक नया मौका सामने आया है। मैं अभी इस पर विचार करने के लिए कुछ समय ले रही हूं। मैं कड़ी मेहनत कर रही हूं और वापसी करने की कोशिश कर रही हूं ताकि लोगों को दिखा सकूं कि मैं अभी भी क्या कर सकती हूं।'
मैरी कॉम का सफर
- मणिपुर में जन्मी मैरी कॉम ने 2010 में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद 2014 में एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल जीता।
- एशियन चैंपियनशिप में, कॉम ने 2003 से 2021 के बीच पांच गोल्ड और दो सिल्वर मेडल जीते, जिससे इस खेल में उनका दबदबा और भी साबित होता है।
- उन्होंने 2018 में कॉमनवेल्थ गेम्स में भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया।