शूटिंग के दौरान देखने को ये भी मिला कि एर विशाल शोभायात्रा के साथ, रावण का भव्य राजभिषेक होता है, जहां उसे दूध, शहद और फूलों की पंखुड़ियों से नहलाया जाता है। इसके पहले, रावण की मां कैकसी ने एक वानर की छाया और जलती हुई लंका देखी थी, जिसके बाद उसने मारुति के बारे में पता लगाने के लिए राक्षस सुबाहु और मारीच को भेजा।
पौराणिक दुष्ट राजा रावण की अपनी भूमिका के बारे में मनीष वाधवा कहते हैं, "रावण के किरदार को हमेशा एक खास तरीके से व्यवहार करते दिखाया जाता है- वह जोर-जोर से बोलता और हंसता है और अपने आस-पास के लोगों को आतंकित करता है। हालांकि, इस बार दर्शकों को एक बहुत ही शांत और सहज रावण नजर आएगा, जिसमें दानव रूप के साथ ही ज्ञानी ब्राह्मण, संगीतकार, कलाकार और दैत्य सहित उसकी अन्य सारी खूबियां उभरकर सामने आएंगी।"
इस किरदार के लिए अपनी तैयारियों के बारे में मनीष बताते हैं, “मेरे लिए सबसे बड़ी चुनौती इस अहम किरदार में ठोस चीज लेकर आने की थी, जिसे कई मंझे हुए कलाकारों ने सफलतापूर्वक निभाया है। मेरे लिए जो जरूरी है, वह है अलहदा होने के साथ-साथ उसकी दमदार खूबियों को एक बार फिर से पर्दे पर साकार करना। मैं बेहद उत्साहित हूं और इस बिल्कुल नई भूमिका के जरिए अपनी छाप छोड़ने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”