किसी जमाने में एक-दूसरे की प्रतिद्वंद्वी कहलाने वाली श्रीदेवी और माधुरी दीक्षित पहली बार एक साथ एक मंच पर नजर आएंगी। जी हां, अपने ज़माने में लोकप्रिय अभिनेत्री रह चुकी और डांसिंग क्वीन कहलाने वाली ये अभिनेत्रियां पहली बार एक साथ कलर्स के पॉपुलर शो 'झलक दिखला जा' में ताल मिलाती नजर आएंगी।
माधुरी और श्रीदेवी किसी ज़माने में एक-दूसरे को पसंद भी नहीं करती थी। लेकिन आज आलम ये है कि दोनों एक ही मंच पर साथ होंगीं। दरअसल कई सालों पहले किसी फिल्म के लिए दोनों ही किसी फिल्म में एक सा किरदार चाहती थीं। इस वजह से दोनों में काफी तनाव रहता था।
बहरहाल 'झलक...' के सेट पे दोनों ने एक अच्छा माहौल बना कर रखा और वे बेहद खुश नजर आयीं। कुछ दिनों पहले इसी डांसिंग शो के प्रोमोज में माधुरी ने 'मिस्टर इंडिया' के सुपरहिट गाने 'काटे नहीं कटते दिन ये रात...' पर परफॉर्म किया था और माधुरी ने श्रीदेवी को ट्रिब्यूट भी दिया था।
अब इसी मंच के ग्रांड फिनाले वीक में श्रीदेवी अपनी फिल्म 'इंग्लिश विन्ग्लिश' के प्रोमोशन के लिए आ रही हैं। निश्चित तौर पर यह ऐतिहासिक पल होगा। जब दो दिवा एक साथ एक मंच पर होंगी। चर्चा तो यह भी है कि श्रीदेवी माधुरी के सुपरहिट गीत 'एक दो तीन...' पर परफॉर्म करेंगी। दूसरी तरफ माधुरी श्रीदेवी के गाने पर परफॉर्म करने वाली हैं।
फिनाले में गुरमीत चौधरी, रश्मि, ऋत्विक और ईशा अपना परफॉर्मेंस देंगे। अब देखना यह है कि इतने सालों के बाद जब दोनों एक साथ आ रही हैं तो स्टेज का क्या आलम होता है।