छोटे परदे पर समय-समय पर ट्रेंड बदलता रहता है। कई बार ये ट्रेंड त्यौहारों के कारण बदलता है तो कई बार किसी स्पेशल इवेंट के कारण। लेकिन कई बाद छोटे परदे पर ऐसा ट्रेंड भी उभर कर आता है, जिसका मकसद कई बार लोकप्रियता या टीआरपी हासिल करना होता है।
'बालिका वधु'
पिछले एक सप्ताह से ईडियट बॉक्स पर जो ट्रेंड देखने को मिल रहा है वो है रिश्तों में इंतकाम की आग यानी अपने ही किसी सगे से बदला लेने की भावना। कलर्स चैनल पर आने वाला 'बालिका वधु' धारावाहिक में जहां जगिया यानी जगदीश ना सिर्फ वापिस आया है बल्कि वह अपने बिगड़ते हालात और परिवार से बिछुड़ने का जिम्मेदार अपनी तलाकशुदा पत्नी आनंदी को मानता है।
जगदीश अपनी इस हार और बिगड़े हालात के कारण आनंदी से बदला लेना चाहता है, इसके लिए वह हर कीमत पर आनंदी को बर्बाद करना चाहता है। आनंदी की बर्बादी के चलते वह अच्छे-बुरे की पहचान भुल गया है और हर हाल में आनंदी को अकेले तड़पते देखना चाहता है।
'बड़े अच्छे लगते हैं'
सिर्फ कलर्स चैनल पर ही क्यों बल्कि सोनी टीवी पर आने वाला 'बड़े अच्छे लगते हैं' चैनल में बहन-बहन की दुश्मन बन गई है। प्रिया और राम कपूर के मिलने से आएशा बेचैन हो गई है। वो किसी भी कीमत पर राम कपूर का टैग अपने ऊपर से हटने देना नहीं चाहती।
आएशा अपनी बड़ी बहन प्रिया के वापिस आने पर खुश नहीं है, उसे लग रहा है कि उसका पति राम अब वापिस प्रिया के पास चला जाएगा। अब आएशा प्रिया को अपनी बहन नहीं बल्कि अपनी सौतन समझने लगी है, इसके लिए वो नए षड्यंत्र रच परिवार वालों को प्रिया के खिलाफ भड़का अपनी तरफ मिला रही है।
'अमृत मंथन'
लाइफ ओके चैनल के 'अमृत मंथन' धारावाहिक में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। अमृत अपनी बहन निमृत के खून की प्यासी है। अमृत नहीं चाहती कि उसका प्यार अगम निमृत के साथ रहे। इसी कारण अमृत के निमृत को खाई में गिराने के बाद भी निमृत बच गई और चेहरा बदल अमृत को सबक सिखाने आई है। लेकिन सच्चाई जानने के बाद अब अमृत कोई नया षड्यंत्र रच रही है ताकि निमृत को जान से मार सकें।
छोटे परदे पर सगे रिश्तों में दरारें डालने का ये ट्रेंड लगभग हर दूसरे धारावाहिक में हर चैनल पर एक साथ दिखाई पड़ रहा है। ऐसा प्रतीत होता है मानो इस ट्रेंड को सभी चैनल्स एक साथ फॉलो कर रहे हैं। पति पत्नी का, पत्नी पति की, भाई-भाई और बहन-बहन की ये दुश्मनी छोटे परदे पर अब क्या गुल खिलाने वाली है, ये तो देखने वाली बात होगी। लेकिन ये तय है छोटे परदे की ये इंतकाम की आग और धारावाहिकों में आए अचानक इस ट्विस्ट ने इन धारावाहिकों की रेटिंग खूब बढ़ा दी है।