'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2'
- फोटो : इंस्टाग्राम
दूल्हे का इंतजार करती रह गई मिताली
मिहिर के बेटे अंगद की शादी नोयना की भांजी मिताली के साथ होने वाली थी। मिताली की करतूतों का जैसे ही अंगद को पता चलता है वह उससे शादी को मना कर देता है, मगर यह बात वह सिर्फ तुलसी को बताता है। अंगद चाहता है कि मिताली खुद यह रिश्ता तोड़े, लेकिन मिताली रिश्ता नहीं तोड़ती। वह दुल्हन बनकर शादी के मंडप में अंगद का इंतजार करती है। विरानी परिवार में मंडप सजा है। सभी रिश्तेदार और समाज के लोग उपस्थित होते हैं। मगर, आखिरी वक्त में अंगद घर से भाग जाता है और वृंदा से शादी कर लेता है।
तुलसी पर फूटा मिहिर और नोयना का गुस्सा
अंगद को ढूंढने निकली तुलसी जब देखती है कि अंगद और वृंदा ने मंदिर में शादी रचा ली है तो उसके होश उड़ जाते हैं। उसे मिहिर और परिवार की इज्जत की चिंता सताती है। न्यूज के जरिए यह बात मिहिर तक पहुंचती है। वह गुस्से में आगबबूला होकर नोयना के साथ तुरंत मंदिर पहुंचता है और जाते ही अंगद के थप्पड़ जड़ना शुरू करता है। हेमंत अपने भाई मिहिर को रोकता है। इसके बाद मिहिर का गुस्सा तुलसी पर फूटता है और वह खरी-खोटी सुनाना शुरू करता है। सिर्फ मिहिर ही नहीं, बल्कि नोयना भी तुलसी पर नाराजगी जाहिर करती है।
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2'
- फोटो : इंस्टाग्राम
नई-नवेली दुल्हन के साथ विरानी हाउस पहुंचा अंगद
अपनी शादी और बरात का इंतजार कर थक चुकी मिताली को जब पता चलता है कि उसके होने वाले दूल्हे अंगद ने किसी और से शादी रचा ली है तो उसके पैरों तले जमीन खिसक जाती है। आगामी एपिसोड में देखा जाएगा कि अंगद अपनी नई-नवेली दुल्हन वृंदा को लेकर विरानी हाउस पहुंचता है, लेकिन मिहिर उसे घर में कदम रखने से भी रोक देता है। देखना दिलचस्प होगा कि अंगद और वृंदा की शादी के बाद तुलसी के प्रति घुली मिहिर की कड़वाहट कम हो पाएगी या नोयना नई चाल चलकर इस रिश्ते को और कमजोर कर देगी।