हाल ही में अपनी पत्नी अभिनेत्री बिपाशा बसु के साथ वेब सीरीज 'डेंजरस' में नजर आए अभिनेता करण सिंह ग्रोवर एक बार से टीवी पर वापसी कर रहे हैं। वह भी किसी नए कलाकार के साथ नहीं, बल्कि अपनी मशहूर जोड़ीदार अभिनेत्री सुरभि ज्योति के साथ। करण सिंह ग्रोवर और सुरभि ज्योति अपने लोकप्रिय धारावाहिक 'कुबूल है' के डिजिटल वर्जन '2.0' में एक साथ वापसी कर रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस शो के लिए प्लेटफॉर्म तो नया होगा ही, साथ ही इस नए वर्जन की कहानी भी एकदम नई होगी।
'कुबूल है' का यह नया डिजिटल वर्जन होगा जिसमें सिर्फ 10 से 12 एपिसोड तक ही होंगे। शो के लिए सभी चयनित कलाकार अगले महीने यानी अक्टूबर से शो की शूटिंग शुरू करेंगे। सूत्र बताते हैं कि सभी कलाकारों ने इस शो की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। हालांकि, 'कुबूल है' की निर्माता गुल खान की तरफ से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इस शो का सीक्वल बनने की खबरें पहले भी आ चुकी है लेकिन उस समय इस शो की निर्माता गुल खान ने सभी खबरों को निराधार बताया था।
टीवी के कार्यक्रमों में टीवी से डिजिटल सीक्वल का यह प्रयोग नया नहीं है। इससे पहले एक और धारावाहिक 'जमाई राजा' के सीक्वल 'जमाई राजा 2.0' का प्रसारण भी डिजिटली किया गया था। इस शो में रवि दुबे, निया शर्मा और अचिंत कौर मुख्य भूमिकाओं में रहे। 'कुबूल है' के साथ भी गुल खान कुछ ऐसा ही प्रयोग करने जा रही हैं। 'कुबूल है' का प्रसारण वर्ष 2012 में किया गया था। करण और सुरभि की जोड़ी को दर्शकों से खूब प्यार मिला और यह शो लगातार चार वर्षों तक चलता रहा। शो के निर्माताओं को एक बार फिर इन दोनों कलाकारों से उसी तरह के चमत्कार की आशा है।
इस दिग्गज निर्देशक ने की अनोखे अभियान की शुरुआत, देखिए क्यों लगानी पड़ी 'सेक्स की अदालत'