काम्या पंजाबी ने रिलीज की प्रत्यूषा की आखिरी फिल्म
काम्या पंजाबी ने प्रत्यूषा बनर्जी की डेथ एनिवर्सिरी पर उनकी आखिरी शॉर्ट फिल्म रिलीज कर दी है। काम्या ने कोर्ट के फैसले के खिलाफ जा कर यूट्यूब पर ये फिल्म रिलीज की है।
'हम कुछ कह ना सके' प्रत्यूषा का आखिरी प्रोजेक्ट था। उन्होंने अपनी मौत से डेढ महीने पहले इस फिल्म की शूटिंग की थी। प्रत्यूषा के ब्वॉयफ्रेंड राहुल राज ने मुंबई की एक अदालत में याचिका दायर कर फिल्म की रिलीज पर रोक की मांग की थी। अदालत ने भी राहुल की याचिका पर सुनवाई करते हुए फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी थी। राहुल ने ये भी कहा था कि फिल्म में दिखाए गए प्रत्यूषा के फुटेज पुराने हैं और काम्या सिर्फ नाटक कर रही हैं।
काम्या ने इस रोक के बावजूद प्रत्यूषा की फिल्म रिलीज कर दी है। काम्या ने अपने ट्विटर अकाउंट पर वीडियो का लिंक शेयर करते हुए लिखा, 'हम कुछ कह ना सके यहां देखिए।'
उन्होंने कहा था कि फिल्म प्रत्यूषा की डेथ एनिवर्सिरी यानि 1 अप्रैल को रिलीज की जाएगी, लेकिन यूट्यूब पर वीडियो पब्लिश होने की तारीख 31 मार्च दिखाई दे रही है। इसका मतलब है काम्या ने ये फिल्म शुक्रवार को ही रिलीज कर दी गई थी।