नेटफ्लिक्स ने भारत में अपनी एंट्री 'सेक्रेड गेम्स' के जरिए धमाकेदार तरीके से दर्ज कराई और अब इस वेब सीरीज का दूसरा सीजन बनकर करीब करीब तैयार है। नेटफ्लिक्स पर इसके प्रसारण का समय भी तय हो चुका है और इस बीच अमर उजाला को एक्सक्लूसिव जानकारी ये मिली है कि 'सेक्रेड गेम्स' के दूसरे सीजन में अनुराग कश्यप की पूर्व पत्नी कल्कि भी एक जानदार किरदार करने वाली हैं।
'सेक्रेड गेम्स' के पहले सीजन में इंस्पेक्टर सरताज सिंह बने सैफ अली खान मुंबई अंडरवर्ल्ड के शातिर अपराधी गणेश गायतोंडे को पकड़ने की फिराक में रहते हैं। गणेश गायतोंडे का किरदार इस सीरीज में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने निभाया। दूसरे सीजन में अभिनेता पंकज त्रिपाठी का किरदार कहानी के फोकस में रहने वाला है और गणेश गायतोंडे का अतीत भी सीरीज की कहानी में लौटता रहेगा।
'सेक्रेड गेम्स' के दूसरे सीजन के लिए इसके मेकर्स ने तमाम चौंकाने वाले किरदार शामिल किए हैं। इनमें से ही एक किरदार कल्कि केकला निभा रही हैं। फिल्म 'देव डी' की शूटिंग के दौरान निर्देशक अनुराग कश्यप के करीब आईं कल्कि ने अप्रैल 2011 में अनुराग से शादी की थी लेकिन शादी के दो साल बाद ही दोनों अलग अलग हो गए। 'सेक्रेड गेम्स' का निर्माण रिलायंस एंटरटेनमेंट और अनुराग कंपनी की साझा कंपनी फैंटम कर रही है।