घर पर मम्मी-पापा के सामने ड्रामा और मंच पर ड्रामा करना अलग बातें हैं। लेकिन तेरह साल के आदित्य दोनों में माहिर हैं।
जब कोई बच्चा ड्रामा करता है, तो उसमें मिलने वाली एंटरटेनमेंट वैल्यू का जवाब नहीं होता। जी टीवी के रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट ड्रामेबाज' में दर्शकों को यही मजा आया।
अब इस शो का परिणाम आ चुका है। इस शो के विनर बने हैं आदित्य सिंघल।
अपनी जीत के क्रेडिट के सवाल पर झट से कहते हैं आदित्य, 'मेरी दादी का कहना है कि मुझे टीवी पर आना चाहिए। मम्मी पापा का भी इसमें सपोर्ट मिला। इस तरह इस शो तक पहुंच गया और जीत भी गया। मेरे मेंटर्स को भी मेरी जीत का क्रेडिट जाता है।'
आदित्य का परिवार 14-15 साल से पुणे में रह रहा है। मूलतः वे राजस्थान के हैं। आदित्य को 'इंडियाज बेस्ट ड्रामेबाज' में पार्टिसिपेट करने के कारण अपनी सातवीं की क्लास का एक टर्म भी छोड़ना पड़ा।
लेकिन वे न सिर्फ यह रियलिटी शो जीत गए, बल्कि बाकी टर्म्स में अच्छे मार्क्स के चलते पास भी हो गए।
बेस्ट ड्रामेबाज के जज पैनल में मशहूर डायरेक्टर अनुराग बसु, सोनाली बेंद्रे और विवेक ओबेरॉय शामिल रहे।
आदित्य कहते हैं, 'मेरे फेवरेट हैं अनुराग बसु सर। कई बार तो वे खुद आकर हमें सिखाते थे। मेरा बड़ा भाई मेरी परफॉर्मेंस पर अपने फ्रेंड्स की राय भी मुझे बताता रहा, इससे भी बहुत मदद मिल गई।’
अपनी कोई एक क्वालिटी जिसके कारण आदित्य जीत तक पहुंचे?
इसके जवाब में वे कहते हैं, 'मुझे जो समझाया जाता था, जो कहा जाता था, मैं उसे समझकर वैसा ही करता था। मुझे लगता है इस कारण मेरी परफॉर्मेंस अच्छी हो जाती थी।’
शाहरुख खान के फैन आदित्य को अपनी कमियां भी बखूबी पता हैं। वे कहते हैं कि उन्हें अपनी भाषा और टोन अभी और सुधारनी है।
जीत तो हासिल हो गई आगे क्या?
'रिहर्सल करते-करते गला खराब हो गया है। अब घर जाकर आराम करूंगा। और टीवी पर और मौके भी ढूंढूंगा।’