रियलिटी कार्यक्रम 'बिग बॉस 6' की प्रतियोगी सना खान टेलीविजन कलाकार आश्का गोराड़िया से अपना नाम जोड़े जाने से स्तब्ध हैं। साथ ही उनका यह भी कहना है कि 'बिग बॉस' में उनके क्रियाकलाप पर लोगों की प्रतिक्रिया को लेकर उनके मन में काफी डर था।
'बिग बॉस' में 97 दिन बिताने वाली 25 वर्षीय सना ने कहा, "मैं इस बात से काफी घबराई हुई थी कि लोग मेरे बारे में क्या सोचते हैं और अब मैं 'बिग बॉस' से बाहर हूं। लेकिन मुझे लगता है कि मैं इस शो में रह कर बुद्धिमान हो गई हूं। आप दूसरे लोगों के जीवन के उतार-चढ़ाव को देखते हैं। मुझे लगता है कि यहां मेरे पांच छह अच्छे दोस्त बन गए हैं।"
जब उनसे आश्का और राजीव पॉल के साथ उनकी नजदीकी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मुझे एक लड़के और एक लड़की के साथ जोड़ा जा रहा है। मुझे नहीं पता क्यों? मैं इस बात से स्तब्ध हूं कि लोग मुझे आश्का से कैसे जोड़ सकते हैं? वह मेरी बड़ी बहन की तरह है?"