छोटे पर्दे के धारावाहिक 'जस्सी जैसी कोई नहीं' में नंदू की भूमिका निभाकर सुर्खियों में आए गौरव गेरा सबटीवी के नये शो 'तोता वेड्स मैना' के जरिये टेलीविजन पर वापसी कर रहे हैं।
वहीं मैना की भूमिका कविता कौशिक निभा रही हैं। इस धारावाहिक की कहानी उत्तर प्रदेश के एक छोटे से शहर में रह रहे गौरव के इर्द-गिर्द घूमती है और इसमें विभिन्न स्थानीय सांस्कृतिक तत्वों को शामिल किया गया है।
सब टीवी के बिजनेस हेड अनूज कपूर का शो को लेकर कहना है कि, यह शो भी सब टीवी के अन्य कॉमेडी शोज की तरह कॉमेडी से भरपूर होगा। इस शो में समकालीन विभिन्न सांस्कृतिक पृष्ठभूमि को शामिल किया गया है।
अपनी वापसी को लेकर गौरव ने कहा, "एक अभिनेता के रूप में मैं हमेशा ही विभिन्न शैलियों में काम करना चाहता था। फिल्मों, विज्ञापनों या टेलीविजन पर काम कर मैं अपने अभिनय कौशल को परखने का प्रयास करता रहता हूं।"
उन्होंने बताया, "शो में मेरा किरदार उत्तर प्रदेश के एक छोटे से शहर में रहने वाले एक लड़के का है, जिसकी शादी एक मॉडर्न लड़की से हो जाती है। शो में यह दिखाया गया है कि मेरा किरदार और इस किरदार के परिवार के सदस्य किस तरह इस विपरीत जीवनशैली के साथ खुद को व्यवस्थित करने की कोशिश करते हैं।"
गौरतलब है कि 'तोता वेड्स मैना' हंसी से भरपूर एक प्रेम कहानी है। जल्द ही इस शो का प्रसारण सब टीवी पर होने वाला है।