छोटे परदे पर सास बहू वाले सीरियल्स में अब लगने जा रहा है हॉरर का तड़का। जी हां, टेलीविजन पर नागिन, नजर, सितारा और दिव्यदृष्टि जैसे धारावाहिकों को मिल रही लोकप्रियता को आगे बढ़ाते हुए एक नया शो जल्द ही आने वाला है, नाम है, एक भ्रम-सर्वगुण संपन्न।
भारतीय घरों में शादी के लिए बात चलने पर एक आदर्श बहू के सर्वगुण संपन्न होने की कल्पना हर परिवार करता है। लेकिन, क्या हो अगर ये सिर्फ एक भ्रम साबित हो। जिस बहू को घर में सर्वगुण संपन्न समझकर लाया जाए अगर वही बहू घर वालों की मुसीबत बन जाए तो?
इसी कॉन्सेप्ट पर बना सीरियल एक भ्रम-सर्वगुण संपन्न इस महीने के आखिर में आपके छोटे परदे पर प्रसारित होने जा रहा है। सूत्रों की मानें तो इस सीरियल की कहानी देश के एक प्रभावशाली घराने में घटी सच्ची कहानी है। हालांकि सीरियल से जुड़े लोग इस बारे में कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
सीरियल इश्कबाज की गौरी यानी श्रेनु पारिख की सीरियल एक भ्रम-सर्वगुण संपन्न से छोटे परदे पर वापसी हो रही है और वह इस कहानी का मुख्य किरदार निभा रही हैं। उनके साथ जैन इमाम भी नजर आएंगे। निर्देशक सुमित सोडानी की टीम अपने इस नए सीरियल को लेकर खासी उत्साहित है और तैयारी इसी बात की है कि सुपरनैचुरल शोज के कंपटीशन में ये सीरियल तुरुप का पत्ता साबित हो।