छोटे परदे की अदाकारा दिव्यांका त्रिपाठी कहती हैं कि उन्हें टीवी के लिए लगातार बीस-बीस घंटे काम करना पडता है। वो आगे कहती हैं कि टीवी के लिए काम करना अभिनेत्रियों के लिए चुनौतियों और समझौतों से भरा हुआ है। साल 2006 में जी टीवी पर शुरू हुए धारावाहिक ‘बनूं मैं तेरी दुल्हन’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाली दिव्यांका त्रिपाठी फिलहाल स्टार प्लस के धारावाहिक ‘ये हैं मोहब्बतें’ में ‘इशिता भल्ला’ का किरदार निभा रही हैं।
भोपाल से मुंबई का सफर तय करने वाली दिव्यांका ने खुद को बतौर अभिनेत्री स्थापित कर लिया है। दिव्यांका से जब तथाकथित 'कास्टिंग काउच' को लेकर सवाल पूछा गया, तो वो बोलीं, ‘‘मुझे नहीं लगता कि टेलीविजन जगत में कास्टिंग काउच होता होगा। क्योंकि टीवी इंडस्ट्री का सेटअप कॉरपरेट जैसा होता है। किरदार पर फिट न होने वाले कलाकार को लेकर कोई भी अपने धारावाहिक की टीआरपी को कमजोर नहीं बनाएगा।’’
वो कहती हैं, ‘‘एक फीमेल एक्ट्रेस की अलग मुश्किलें होती हैं। प्रोफेशनल लाइफ के साथ पर्सनल लाइफ को भी मैनेज करना होता है।’’ उनके मुताबिक, ‘‘सप्ताह में पांच से छह दिन प्रसारित होने वाले धारावाहिकों के लिए कलाकारों को दिन के बारह से चौदह घंटे काम करना होता है और जब धारावाहिक शुरू होता है, तो बीस घंटे लगातार काम करना पडता है।’’
फिल्मों के ऑफर गलत समय पर मिले
- फोटो : BBC
दिव्यांका ने कहा कि अभिनय के प्रति आपका जुनून ही आपको लगातार काम करने की प्रेरणा देता है। हाल के अपने एक अनुभव पर उन्होंने कहा, ‘‘पिछले साल जब मुझे मल्टीपल फ्रैक्चर हुए, तब धारावाहिक का ट्रैक चेंज कर दिया गया और जब तक मैं ठीक नहीं हुई, तब तक मुझे व्हीलचेयर पर ही दिखाया गया।’’
छोटे परदे से बडे परदे तक के सफर पर वो कहती हैं, ‘‘मुझे जब भी फिल्मों के प्रस्ताव मिले, गलत समय पर ही मिले।’’ हंसते हुए वो बताती हैं, ‘‘दरअसल, जब मैं लीड कैरेक्टर वाली भूमिका कर रही होती हूं, तब प्रस्ताव मिलते हैं। अब धारावाहिक की शूटिंग में ही काफी सारा समय चला जाता है।’’
वो आगे कहती हैं, ‘‘फिल्म में काम करने के मोह में मैं धारावाहिक की टीम से किए वादे से तो नहीं मुकर सकती।’’ तकरीबन दस साल तक टेलीविजन पर काम करने वाली दिव्यांका जल्दी ही अभिनेता विवेक दहिया से शादी करने जा रही हैं।