कलर्स नए साल से पहले ही अपने सभी शोज में कुछ ना कुछ बड़े बदलाव कर रहा है। किसी शो को बंद कर रहा है तो एक ओर नए शोज को लाने की तैयारी कर रहा है। वहीं पहले से चल रह शोज में कलर्स मोनोटोनी को तोड़ते हुए नए ट्विस्ट लेकर आ रहा है। आइए जानें कलर्स के किस शो में क्या हो रहा है।
'बालिका वधु'
आनंदी और शिव की शादी हो चुकी है और आनंदी की विदाई भी हो गई है। अब दर्शकों के मन में सवाल है कि आखिर 'बालिका वधु' में अब क्या नया ट्विस्ट आएगा। तो आपकी जानकारी के लिए बता दें आनंदी की शादी के बाद जगदीश एकदम अकेला पड़ गया है।
ऐसे में एक नए कैरेक्टर की एंट्री होने वाली है और वो कैरेक्टर कोई और नहीं 'लाइफ ओके' चैनल के 'दिल से दी दुआ - सौभाग्यवती भवः' में सिया और जाह्नवी का किरदार निभा चुकी श्रृति झा हैं। श्रृति शो में ना सिर्फ जगिया की लवर बनने वाली हैं बल्कि बाल विवाह के खिलाफ मुहिम भी चलाने वाली है जिसमें जगदीश इनका साथ देगा।
इस शो में आने को लेकर श्रृति बेहद एक्साइटेड हैं और अपने आपको लक्की मानती हैं कि वो इस सफल शो का हिस्सा है। दर्शकों के लिए ये देखने वाली बात होगी कि श्रृति के आने से गौरी का क्या होगा, अब जगदीश की लाइफ में लव ट्राइंगल आने से क्या उतार-चढ़ाव आने वाले हैं।
'उतरन'
उतरन में एक ओर जहां वीर की याददाश्त वापिस आ गई है और वो इच्छा को वापिस घर लाने की ठान रहा है वहीं इच्छा अपनी बेटी मीठी की शादी विष्णु से तय कर रही है। लेकिन कहीं ना कहीं इच्छा को विष्णु को लेकर संदेह होने लगा है कि विष्णु ठीक नहीं है।
इधर विष्णु मीठी को अपने जाल में फंसाकर अपना पुराना बदला लेना चाहता है। ये बदला क्या है कोई नहीं जानता। आने वाले एपीसोड में जल्द ही इस बात का खुलासा हो जाएगा आखिरकार विष्णु कौन है और वो इच्छा और मीठी से किस बात का बदला लेना चाहता है।
'मधुबाला'
मधुबाला में जहां एक ओर मधु और ऋषक एक-दूसरे के प्यार को स्वीकार कर चुके हैं वहीं मधु की देवरानी यानी ऋषभ की पहली गर्लफ्रेंड हर हाल में इन दोनों के रिश्ते में कड़वाहट लाने की साजिश कर रही हैं। वहीं दूसरी ओर ऋषभ की मां इस आस में है कि ऋषभ पहले की तरह अपनी मां को स्वीकार कर लें। वहीं मधु के पिता बलराज की वापसी हो गई है। अब देखना होगा कि बलराज मधु के पति आरके यानी ऋषभ कुंद्रा को कैसे टॉर्चर करेगा। क्या ऋषभ अपनी मां को पहले की तरह अपना पाएगा, क्या मधु की देवरानी अपनी साजिश में कामयाब होगी।
'जय जग जननी मां दुर्गा'
कलर्स पर आने वाला शो 'कैरी रिश्ता खट्टा मीठा' ऑफ एयर हो चुका है और उसके बजाय 'जय जग जननी मां दुर्गा' पौरणिक कथाओं पर आधारित शो शुरू हो गया है।
'संस्कार, धरोहर अपनों की'
कलर्स जल्द ही एक नए शो 'संस्कार, धरोहर अपनो की' से दर्शकों को रू-ब-रू करवाने वाला है। इसके प्रोमोज टीवी पर आने भी शुरू हो चुके हैं। ऐसा माना जा रहा है कि बिग बॉस खत्म होते-होते इस शो के कई प्रोमोज आ जाएंगे और इसे बिग बॉस के समय पर प्रसारित किया जा सकता है।
ऐसा इसीलिए भी क्योंकि 'बिग बॉस' 1 घंटे का आता है और डेली सोप 30 मिनट के। जैसा पहले कहा गया था कि 'ना बोले तुम, ना मैंने कुछ कहा' की सीक्वल भी इसी समय पर प्रसारित होगा। ऐसे में ये दोनों शो 9 से 10 के बीच में दिखाए जा सकते हैं।