पिछले दो साल से आम जन को अपने साथ जोड़कर उनकी कुकिंग की क्षमता को परखने वाला 'मास्टर शेफ इंडिया' इस बार भी एक नए जोश के साथ स्टार प्लस पर वापिस आ रहा है।
'मास्टर शेफ इंडिया सीजन 3' के बड़े शहरों में बड़े लेवल पर ऑडीशंस चल रहे हैं। हाल ही में दिल्ली के प्रीतमपुरा में भी 'मास्टर शेफ इंडिया सीजन 3' की टीम पहुंची जिसमें इस शो की तीन ज्यूरी जाने-माने शेफ संजीव कपूर, पिछले सीजन के होस्ट और इस बार के जज बन रहे मशहूर शेफ विकास खन्ना और शेफ कुणाल कपूर भी मौजूद थे।
इसके अलावा इन ऑडीशंस के दौरान स्टार प्लस पर आने वाले शो 'दिया और बाती' के मुख्य नायक सूरज यानी अनस राशिद भी मौजूद थे।
संजीव कपूर ने बातचीत के दौरान बताया कि इस बार के शो में देसी तड़का खास रहेगा और बहुत बड़ा धमाका होने वाला है।
ऑडीशन के दौरान कंटेस्टेंट्स का मनोरंजन करने के लिए याना गुप्ता ने कई आइटम नंबर्स पर डांस किया। इसके अलावा कई तरह की डांस परफॉर्मेंस भी हुई। साथ ही कॉमेडियन राजीव ठाकुर ने वहां मौजूद कंटेस्टेंट्स का अपनी कॉमेडी से खूब मनोरंजन किया।
'मास्टर शेफ इंडिया सीजन 3' जल्द ही स्टार प्लस पर देखने को मिलेगा और इस बार इसकी थीम है 'बनाइए अपने घर की पहचान को देश की शान'।