बचपन का पसंदीदा शो 'सीआईडी' अपने दूसरे सीजन के साथ वापसी के लिए तैयार है। शो के प्रशंसक जश्न मना सकते हैं क्योंकि निर्माताओं ने दूसरे सीजन 'सीआईडी 2' की रिलीज की तारीख का खुलासा कर दिया है। निर्माताओं ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक आकर्षक ट्रेलर भी साझा किया। 'सीआईडी 2' में एसीपी प्रद्युम्न के रूप में शिवाजी साटम, दया के रूप में दयानंद शेट्टी और अभिजीत के रूप में आदित्य श्रीवास्तव हैं। आइए जान लेते हैं कि आप शो का लुत्फ कब और कहां और किस समय उठा सकेंगे-
चैनल ने उठाया रिलीज की तारीख से पर्दा
दो दशकों से अधिक समय तक दर्शकों को बांधे रखने के बाद 'सीआईडी' की टीम जल्द स्क्रीन पर वापस लौटेगी। सोनी टीवी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर क्राइम थ्रिलर शो की प्रीमियर की तारीख और समय की घोषणा कर दी है। 'सीआईडी 2' 1 दिसंबर, 2024 को हमारी स्क्रीन पर वापस आने के लिए तैयार है। सोनी टीवी पर हर शनिवार और रविवार रात 10 बजे आप इस शो का लुत्फ उठा सकेंगे। वहीं, इसका धमाकेदार प्रोमो प्रशंसकों के उत्साह को चरम पर पहुंचा रहा है।
रिलीज की घोषणा से उत्साहित प्रशंसक
पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए, प्रशंसकों ने अपनी खुशी साझा की। एक यूजर ने लिखा, 'और वे वापस आ गए हैं। वे हमारे बचपन को वापस ले आए हैं। एक अन्य ने लिखा की, 'मैं शो के लिए इंतजार नहीं कर सकता। सीआईडी हमारा पसंदीदा शो था और हमें खुशी है कि चैनल ने एक और एक्शन से भरपूर सीजन पेश किया है। छह साल बहुत लंबा था।'
सीआईडी 2 में नया क्या है?
प्रोग्रामिंग टीम ने 'सीआईडी 2' के लिए एक भव्य लॉन्च की योजना बनाई है, इसे रात 10 बजे का वीकएंड स्लॉट दिया गया है। शो का मुकाबला 'अनुपमा' और 'बिग बॉस 18' से होगा। निर्माताओं को विश्वास है कि 'सीआईडी 2' बड़ी संख्या में दर्शकों को आकर्षित करेगी और टीआरपी की सूची में अपनी जगह बनाएगी। क्रिएटिव टीम ने दिलचस्प प्रोमो के साथ चर्चा पैदा कर दी है और नई कहानी निश्चित रूप से दर्शकों के साथ तालमेल बिठाएगी। जानकारी हो कि 'सीआईडी' ने साल 1998 में सोनी टीवी पर दस्तक दी थी। यह शो साल 2018 तक दर्शकों का मनोरंजन करता रहा। यह एक कल्ट क्लासिक बन गया और अभी भी सबसे पसंदीदा शो में से एक है।
IFFI 2024: इफ्फी 2024 में महिला सुरक्षा पर बयान देकर बुरे फंसे इम्तियाज अली, सवाल उठे तो पेश की ये सफाई