-इन दिनों छोटे पर्दे पर बिग बॉस में दिख रहीं रिमी सेन का इरादा यहां से बाहर निकल कर फिल्म निर्माण में कदम रखने का है। उन्हें बिग बॉस के घर में देख कर कई लोगों को लगा था कि रिमी का फिल्म करिअर खत्म हो चुका है, इसलिए वह यहां आई हैं।
लेकिन उनके करीबी सूत्रों की मानें तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। 2004 में आई फिल्म धूम के लिए लोग उन्हें याद करते हैं, परंतु भविष्य में रिमी का इरादा खुद अपने बैनर की फिल्में बनाने का है। एक लंबे अर्से से वह बॉलीवुड में भी नहीं दिख रही थीं।
अब बिग बॉस के घर से वह दर्शकों तथा इंडस्ट्री के लोगों के दिमाग में फिर दस्तक दे रही हैं। बताया जाता है कि रिमी अपना प्रोडक्शन हाउस बना कर नई प्रतिभाओं को मौका देना चाहती हैं।
रिमी बिग बॉस के घर में अक्सर खोई सी रहती हैं और शो के होस्ट सलमान खान उन्हें समझा चुके हैं कि उन्हें आगे बढ़ कर शो में हिस्सा लेना चाहिए। सलमान को लगता है कि प्रतिभावान होने के बावजूद रिमी इसलिए बॉलीवुड में लंबी पारी नहीं खेल सकीं क्योंकि उनका स्वभाव चुप रहने का है। उन्होंने काम मांगने के लिए कभी अपनी तरफ से पहल नहीं की।