बारिश ने लिखी कविता किसी खिड़की के शीशे पर,
मगर अल्फाज पढ़ने का, यहां पर वक्त किसके पास है,
मौसम ने सजाया है बड़ी मेहनत से अंबर को,
मगर छत पर टहलने का यहां पर वक्त किसके पास है,
बांहों में थाम लो भले, ये बात और है,
मगर दिल में उतरने का यहां पर वक्त किसके पास है,
समझ सकते हैं हम दुनिया के सारे कायदे कानून,
मगर खुद को समझने का यहां पर वक्त किसके पास है।
ये पंक्तियां किसी और की नहीं बल्कि असीम भाई की हैं जिन पर सुबह-सुबह ही शेयरों-शायरी की खुमैरी चढ़ी हुई थी।
उर्वशी कल क्यों रोई
दरअसल विजयादशमी के कारण घर के सदस्यों को गरबा की ड्रेस और फेस्टिवल के कपड़े उनके घरवालों ने भेजे हैं। जिसे देखकर सब खूब खुश भी हुए और इमोशनल भी। वहीं उर्वशी इन कपडों को देख भावुक हो गई और रोने लगी और अपनी मॉम को थैंक्स भी करने लगी।
सपना ने की है तीन बार शादी
जी हां, सपना ने खुद बताया कि उनकी तीन बार शादी हो चुकी है और उन्होंने ये भी बताया कि उनका तलाक कैसे हुआ और क्यों हुआ। इतना ही नहीं उन्होंने ये भी बताया कि वे अपने आपसे बहुत प्यार करती हैं। वहीं डेलू ने असीम के लिए आज फिर गाना गाया और अपने साथ असीम को भी नचाया। वहीं सपना कलरफुल कपडों में पूरे घर में चहक रही थी। इतना सब तो ठीक था, इन सबके बीच में शायंतनी अपने नॉमिनेशन के कारण बेहद गुमसुम हो गई थी।
कैप्टन की पदवी से हटे व्रिजेश
पिछले सप्ताह की तरह इस बार भी तीसरा सप्ताह शुरू होते ही व्रिजेश को कप्तान की कुर्सी से हटा दिया गया और उन्हें कैप्टन का रूम खाली करने के लिए कहा गया। वहीं व्रिजेश कप्तान के कमरे में जाकर कप्तान का रूम ना छोड़ने की नौटंकी कर सबका मनोरंजन कर रहे थे।
लक्जरी बजट का टास्क हुआ शुरू
इस बार लक्जरी बजट के टास्क में बिना कैप्टन के गुलाम और बादशाह का टास्क दिया गया। गुलाम वर्ग में करिश्मा, संपत, निकेतन, शायंतनी, सिद्दू, उर्वशी और व्रिजेश शामिल थे और डेलनाज, सपना, राजीव, आश्का, सना, असीम बादशाह वर्ग में। गुलामों के लिए एक खास नियमावली बनाई गई और रूल तोड़ने पर दंड का भी प्रावधान रखा गया। पूरा दिन यही कार्य चलता रहा। सभी गुलाम वर्ग के सदस्यों ने अपना काम पूरा किया लेकिन सिद्दू पाजी ने ना तो ठीक तरह से गुलाम का कॉस्ट्यूम पहना, ना ही कोई काम किया, इससे उर्वशी, शायंतनी, करिश्मा काफी भड़के हुए थे
15वें दिन की समाप्ति और 16वें दिन की शुरूआत
15वें दिन की समाप्ति पर सलमान का कहना था कि, 'जब चांद को देखता हूं तो सोचता हूं कि ये कुछ खास है, रोज रात 9 से 10 बजे बिग बॉस फुल टाइम पास है।'
15 वें दिन बिग बॉस के घर में गुलामों को लिविंग रूम में सोने के लिए कहा गया। इतना ही नहीं उन्हें बादशाह वर्ग के पहले उठने और उन्हें बिस्तर पर ही चाय देने का आदेश भी था। ये सिलसिला 16वें दिन भी चला और इन्हीं सब के बीच राजीव उर्वशी को सताने लगे, उर्वशी ने किसी तरह अपना गुस्सा कंट्रोल किया। गुलाम वर्ग टास्क खत्म होने तक बादशाह वर्ग का मनोरंजन करता रहा।
सिद्दू ने टास्क नहीं किया पूरा
सिद्दू पाजी ने गुलाम वर्ग का कोई भी काम ठीक से नहीं किया। जिससे निकेतन भी गुलाम का काम करने से मना करने लगा। जिससे गुलाम वर्ग आपस में एक-दूसरे से नाराज दिखा। वहीं गुलाम वर्ग की करिश्मा से राजीव ने फ्लर्ट करना शुरू कर दिया।
आखिरकार टास्क हुआ खत्म
बिग बॉस ने बताया की दोपहर को टास्क खत्म हो गया है और कई लोगों के ठीक से सहयोग ना करने के कारण वे कार्य में ना सिर्फ असफल हुए बल्कि उन्हें लक्जरी बजट में कोई अंक नहीं मिले। वहीं कई सदस्यों के ठीक से सहयोग ना करने के कारण पानी की सप्लाई भी बंद कर दी गई। सिर्फ पीने का पानी सीमित मात्रा में मौजूद था और यदि घर के सदस्यों को पानी चाहिए तो उन्हें हैंडपंप से पानी भरकर लाना होगा। जिससे सब परेशान हो गए और आपस में डिस्कस करते हुए एक-दूसरे की टास्क के दौरान की गई गलितयों को गिनाने लगे।
पानी की सप्लाई बंद होने से हुए सब परेशान
पानी की सप्लाई बंद होने से घरवाले ये जुगाड़ करने लगे कि हैंडपंप से पानी लेकर कैसे वो काम करेंगे। खाने और बर्तन धोने के लिए कहां, क्या करेंगे। घर में सब पानी के लिए तरसने लगे और एकजुट हो पानी की परेशानी से उबरने के उपाय भी ढूंढने लगे। इसके साथ ही सब एक-दूसरे से गुटों में सिद्दू पाजी के टास्क में सपोर्ट ना करने से उन्हें ब्लेम भी करने लगे।
संपत और राजीव में हुई नोंकझोंक
सब साथ बैठकर गपशप कर रहे थे, संपत जी अपनी कहानी सुना रही थी तभी राजीव ने उनका मजाक उड़ाया जिससे संपत भड़क गई और दोनों में नोंकझोंक तेज हो गई। इसी दौरान डेलनाज और उर्वशी बिग बॉस के कैमरे से रिक्वेस्ट करने लगी कि पानी की सप्लाई कम से कम 17वें दिन जरूर दे दें वरना बहुत दिक्कत हो जाएगी।
17वें दिन व्रिजेश कर रहे हैं रिक्वेस्ट
सुबह-सुबह व्रिजेश बिग बॉस से पानी की रिक्वेस्ट करने लगे कि दशहरा होने की वजह से आपको पानी दे देना चाहिए। व्रिजेश के साथ ही डेलनाज, आश्का और करिश्मा भी कैमरे के आगे पानी की मांग करने लगे। उर्वशी भी बार-बार बिग बॉस से माफी मांगने लगी ताकि उन्हें पानी मिल जाए। वही लड़कियों ने तय किया कि वे हैंडपंप के नीचे बैठकर ही सिर धोएंगी।
उर्वशी को मिला टास्क
उर्वशी को बिग बॉस ने एक सीक्रेट टास्क दिया, जिसमें उन्हें सब घरवालों से व्यक्तिगत तौर पर जाकर बात करनी थी कि घर का कैप्टन कौन बनने लायक है और इस काम को सभी से गुप्त रखने का निर्देश भी दिया गया। उर्वशी इस काम के लिए सबकी राय लेती दिखी, सबने अपने पसंदीदा सदस्य का नाम लिया।
बतौर पति राजीव फेलियर है
डेलनाज सिद्दू और शायंतनी के साथ बैठकर राजीव के बारे में बात कर रही थीं कि वो अपनी फैमिली के लिए बहुत अच्छा है, बहुत अच्छा भाई है लेकिन बतौर पति राजीव फेलियर है। वहीं उर्वशी अपने टास्क में जुटी रहीं। तभी खबर आई कि घर में पानी आ गया है, जिससे घर वालों के चेहरे पर रौनक फिर से लौट आई।
घरवालों के लिए आई खुशियां
दशहरे की खुशी में घर वालों को सेलिब्रेशन का मौका मिला। सभी के लिए डांडिया और मिठाईयां आईं। जिससे सभी घरवाले चहकने लगे। जिसके बाद सभी डांडियां के साथ गरभा की प्रैक्टिस करने लगे, साथ ही लड़कियां तैयार होने में मगन हो गई। रात होते-होते सभी घरवालों ने पूजा के साथ गरबे का भी आनंद लिया। वहीं राजीव और आश्का की नोंकझोंक भी हो गई, जिसे बाद में राजीव सबसे शेयर करते दिखे। रात में आश्का काफी अपसेट हो गई और रोने लगीं।
उर्वशी ने चुने घर के दो कैप्टन
बिग बॉस के टास्क के अनुसार उर्वशी ने बिग बॉस को बताया कि घरवालों के चुनाव के बाद उन्होंने डेलनाज और सिद्दू जी को घर का कैप्टन चुना है। वही आश्का ने राजीव को सॉरी बोलकर सारे झगड़े को खत्म कर लिया।
17वें दिन की समाप्ति हुई इस तरह
बिग बॉस के घर में आज जहां सारा दिन तरह-तरह का शोरगुल जारी था, वही नए कप्तान को लेकर दबी जुबान में बातचीत भी होती रही। 18वां दिन जरूर कोई ना कोई दिलचस्प नतीजा लेकर आएगा।