कुशाल को लेकर सलमान की तल्खी कम होने का नाम ही नहीं ले रही। 'बिग बॉस' में कुशाल टंडन वापस तो आ गए हैं पर सलमान उनको खरी-खोटी सुनाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
शो के प्रतियोगी कुशाल पहले ऐसे प्रतियोगी रहे जिनको 'बिग बॉस' ने घर से बाहर जाने का आदेश दिया। जिसके चलते कुशाल को बीच में ही शो छोड़ना पड़ा। वजह उनका तनीषा और एंडी से हुआ झगड़ा रहा।
घर से बाहर आकर कुशाल ने सलमान खान पर पक्षपात का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पर भी सलमान को काफी अपोजिट कमेंट सुनने को मिले।
जूम चैनल को दिए एक इंटरव्यू में कुशाल ने कहा कि सलमान खान ने अपने व्यवहार के लिए उनसे माफी मांगी थी लेकिन शो से इसे एडिट कर दिया गया। ये भी सुनने में आया कि सलमान की वजह से कुशाल वापस शो में नहीं आ पा रहे हैं।
शो के वीकेंड एपीसोड में सलमान ने कुशाल को आड़े हाथों लेते हुए उन पर अपना गुस्सा जाहिर किया और कुशाल से कहा कि आपने जो बाहर जाकर कहा वह बातें मैंने सुनी।
मैं केवल इस काम के लिए नहीं बैठा हूं कि मैं किसी को शो मे वापस आने से रोकूं। उन्होंने ये भी कहा कि ये बातें मेरे लिए काफी छोटी हैं। इस पर कुशाल ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि मैंने ऐसा नहीं कहा था लेकिन मीडिया ने इन बातों को ज्यादा हवा दी।
लेकिन सलमान के चेहरे पर उनको लेकर गुस्सा शांत नहीं हुआ। सलमान ने कुशाल को आगे से आदमियों जैसा व्यवहार करने की हिदायत दी और कहा कि एक पुरुष को चुगली और शिकायतें जैसी बातें सूट नहीं करतीं।
इस सब के बीच शो की अहम प्रतियोगी ऐली अवराम शो से बाहर हो गई हैं। एली के जाने पर सोफिया सबसे ज्यादा रोईं उन्होंने कहा कि वह शो से बाहर जाना चाहती हैं एली ने कोई गलती नहीं की।