बिग बॉस-7 के घर में हो रहे बवाल ने सोमवार रात को एक नया रूप ले लिया। मुंबई के लोनावला पुलिस ने बिग बॉस के घर से अभिनेता अरमान कोहली को गिरफ्तार कर लिया है।
कोहली के खिलाफ कार्यक्रम में प्रतियोगी रही मॉडल सोफिया हयात ने मारपीट और बदसलूकी की शिकायत सांता क्रूज पुलिस थाने में दर्ज कराई थी। लोनावला पुलिस ने बिग बॉस के घर जाकर अरमान से पूछताछ की और बाद में उनको गिरफ्तार कर लिया।
यह खबर भी पढ़े
यौन हमले का आरोप लगाने वाली सोफिया को भी जानिए
ब्रिटिश-पाकिस्तानी मूल की मॉडल ने कोहली पर बिग बॉस के घर में मारपीट, गाली गलौज और बदसलूकी करने का आरोप लगाया था।
उक्त घटना 4 दिसंबर की है। इस घटना का कुछ हिस्सा शो में भी दिखाया गया था। बिग बॉस का स्टूडियो लोनावला में है, इसलिए इस मामले को सांता क्रूज से यहां स्थानांतरित कर दिया गया था।