बड़े परदे पर मणिकर्णिका भले कमाल न दिखा सकी हो लेकिन छोटे परदे की मणिकर्णिका का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। सीरियल खूब लड़ी मर्दानी, झांसी की रानी में अब मणिकर्णिका की शादी होने जा रही है और इस खास मौके के लिए मणिकर्णिका की जो पोशाक तैयार की गई है वह किसी धारावाहिक में किसी किरदार की पहनी अब तक की सबसे महंगी पोशाक बताई जा रही है।
आम तौर पर धारावाहिकों में काम करने वाली महिला कलाकारों के जेवर व आभूषण आदि नकली होते हैं और इन्हें अमूमन किराए पर ही मंगाया जाता है। लेकिन खूब लड़ी मर्दानी, झांसी की रानी के सेट पर मौजूद सूत्रों की मानें तो सीरियल में मणिकर्णिका की गंगाधर से होने जा रही शादी के लिए दुल्हन का पारंपरिक लिबास खास तौर से बनाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक इस सीन में मणिकर्णिका एक पारंपरिक साड़ी में दिखाई देंगी और उन्हें सजाने के लिए बहुत सारे गहने होंगे। ये आभूषण प्राचीन काल के आभूषणों को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं और इनके लिए पोल्का, मोती, माणिक और पन्ना जैसे कीमती चीजों की मदद ली गई। मणिकर्णिका के लिए एक खास सुंदर चोकर और रानी हार भी बनाया गया है। इन दोनों का अलग अलग वजन करीब 5 किलो है।
सीरियल में मणिकर्णिका का किरदार कर रहीं अनुष्का सेन कहती हैं, ‘हर लड़की का सपना होता है कि वह अपनी शादी के दिन सबसे सुंदर दिखे। मणिकर्णिका के किरदार की शादी में जो जोड़ा मेरे लिए तैयार किया जा रहा है, वह बहुत ही राजसी है। मुझे इनमें सबसे सुंदर लगी मेरी कलाई पर सजने वाली चूड़ी जिसे बहुत ही खूबसूरती से उकेरा गया है।‘