उत्तर भारत की हिंदी पट्टी की कहानियों के छोटे पर्दे पर कामयाब होने के बाद धारावाहिक निर्माताओं का ध्यान अब पंजाब की तरफ मुड़ा है। यही कारण है कि जीटीवी 10 अगस्त से पंजाबी परिवारों की एक कहानी को लेकर नया सीरियल शुरू कर रहा है। जिसका नाम हैः टशन-ए-इश्क।
धारावाहिक जी के सबसे कामयाब सीरियलों में से एक ऐतिहासिक जोधा-अकबर की जगह लेगा और सोमवार से शुक्रवार तक रात आठ बजे प्रसारित होगा। सीरियल सोमवार को मुंबई में लॉन्च किया गया। टशन-ए-इश्क दो पंजाबी परिवारों की व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता की कहानी है। इन परिवारों की मुखिया दो महिलाएं अनीता लूथरा (वैष्णवी मैकडोनाल्ड) और लीला तनेजा (ईवा ग्रोवर) हैं।
जबकि लीला की बेटी ट्विंकल (जैस्मीन भसीन) और अनीता का बेटा युवराज एक-दूसरे से प्रेम करते हैं। परंतु इस कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब लीला अपनी बेटी का विवाह कुंज सरना (सिद्धांत गुप्ता) से तय करा देती है। कहानी में पारिवारिक प्रतिद्वंद्विता के साथ रोमांस तथा कॉमेडी के हल्के-फुल्के पल भी होंगे।