Shoaib Ibrahim's Father Health Update: शोएब इब्राहिम के पिता को पहले 2021 में भी ब्रेन स्ट्रोक आया था। तब से अभिनेता अक्सर अपने फैंस को उनके स्वास्थ्य के बारे में अपडेट देते रहते हैं।
टीवी एक्टर शोएब इब्राहिम के पिता को आज सुबह स्ट्रोक आया। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस वक्त वह आईसीयू में हैं। दीपिका कक्कड़ के पति शोएब ने अपने पिता की तबीयत को लेकर एक पोस्ट की है। इसमें उन्होंने फैंस से गुजारिश की है कि वह उनके पिता की जल्दी ठीक होने की दुआ करें।
विज्ञापन
शोएब की पोस्ट में क्या है?
अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज में शोएब ने लिखा, 'पापा के लिए आप सबकी दुआओं और प्रार्थनाओं की जरूरत है। आज सुबह पापा को फिर से स्ट्रोक आया है और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।' प्लीज, प्लीज उन्हें अपनी दुआओं में याद रखें। अगले 24 घंटे बहुत नाज़ुक हैं।'
विज्ञापन
पहले भी आ चुका स्ट्रोक
शोएब के पिता को इससे पहले 2021 में भी ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद शोएब इब्राहिम लगातार फैंस को उनके स्वास्थ्य के बारे में अपडेट देते रहते थे। एक्टर ने बताया था कि दिमाग में खून का थक्का जमने की वजह से उनके पिता के शरीर का बायां हिस्सा आंशिक रूप से पैरालाइज हो गया था। स्ट्रोक के बाद शुरुआती 72 घंटे बेहद नाज़ुक थे। बाद में शोएब ने बताया कि डॉक्टर उम्मीद से भरे थे क्योंकि नुकसान ज्यादा नहीं हुआ था।
वीडियो में नजर आते थे पिता
पिछले कुछ वर्षों में, शोएब के पिता परिवार के व्लॉग्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स में लगातार नजर आते रहे हैं, जिससे पता चलता है कि वह काफी हद तक ठीक हो गए थे। हालांकि परिवार ने कभी भी उनके पूरी तरह ठीक होने की पुष्टि नहीं की। शोएब अक्सर पॉजिटिव रहने की बात करते थे और अपने पिता की सेहत से जुड़ी इस पूरी जर्नी के दौरान लगातार दुआओं और सपोर्ट के लिए फैंस का शुक्रिया अदा करते थे।
शोएब इब्राहिम और दीपिका कक्कड़
- फोटो : इंस्टाग्राम- @ms.dipika
शोएब और दीपिका का रिश्ता
शोएब इब्राहिम और दीपिका कक्कड़ टीवी इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा सेलिब्रिटी कपल्स में से एक हैं। दोनों की पहली मुलाकात मशहूर टीवी शो 'ससुराल सिमर का' के सेट पर हुई थी, जहां उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। कई वर्षों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद, शोएब और दीपिका ने 22 फरवरी 2018 को शादी कर ली। 2023 में उन्होंने बेटे रूहान का स्वागत किया।