फिल्म 'बाहुबली' के राइटर वी विजयेंद्र अब छोटे पर्दे पर हाथ आजमाने जा रहे हैं। स्टार प्लस पर शुरू होने जा रहे 'आरम्भ' सीरियल की शूटिंग शुरू हो गई है। इस सीरियल को गोल्डी बहल और सृष्टि आर्या निर्देशित कर रहे हैं। यह एक पीरियड ड्रामा है और अभी तक इसके दो प्रोमो रिलीज किए जा चुके हैं। लेकिन हाल ही में शूटिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। जिसकी वजह से शूटिंग 10 दिन के लिए ठप हो गई है।
दरअसल, सीरियल में लीड रोल प्ले कर रहे रजनीश दुग्गल शूटिंग के समय घायल हो गए। रजनीश के दोनों घुटने बुरी तरह से घायल हो गए हैं। डॉक्टर ने रजनीश को 10 दिन के लिए बेडरेस्ट बोला है। अभी तक बड़े पर्दे पर दिखने वाले रजनीश पहली बार छोटे पर्दे पर नजर आएंगे। उनके अपोजिट एक्ट्रेस कार्तिका नायर होंगी।
रजनीश इस सीरियल में वरुणदेव की भूमिका में नजर आएंगे। अपने रोल के लिए रजनीश खास ट्रेनिंग ले रहे हैं। इसके लिए वो वेट ट्रेनिंग, क्रॉस फीट, मार्शल आर्ट्स और तलवारबाजी सीख रहे हैं। हाल ही में शूटिंग के समय वह 20 फीट की ऊँचाई से नीचे गिरे और उनके दोनों घुटने में चोट लग गई है। इस हादसे के बाद रजनीश अब चल भी नहीं पा रहे हैं।