सीएम बोले- 'युवाओं के लिए मिसाल हैं राहुल'
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने सिंगर राहुल सिप्लिगंज से किया गया अपना वादा पूरा किया। दरअसल, उन्होंने सिंगर से वादा किया था कि वे उन्हें 1 करोड़ रुपये का इनाम देंगे। अब आखिर उन्होंने यह वादा निभा दिया। राज्य सरकार ने यह एलान रविवार को 'बोनालू' उत्सव के मौके पर किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हैदराबाद के पुराने शहर से ताल्लुक रखने वाले राहुल सिप्लीगंज ने फिल्म 'आरआरआर' के गाने के लिए ऑस्कर जीतकर पूरी दुनिया में नाम कमाया। वे तेलंगाना के युवाओं के लिए एक मिसाल हैं।
2023 में दिए थे 10 लाख रुपये ईनाम
साल 2023 में रेवंत रेड्डी जब तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष थे, तब उन्होंने राहुल सिप्लीगंज को कांग्रेस पार्टी की ओर से 10 लाख रुपये का ईनाम देने की घोषणा की थी। साथ ही यह वादा किया था कि जब कांग्रेस सरकार आएगी, तो उन्हें गाने के जरिए राज्य का नाम रोशन करने पर एक करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। बीते माह 'गदर तेलंगाना फिल्म अवार्ड्स' समारोह में भी सीएम ने सिंगर से किया गया वादा याद दिलाया और भरोसा दिया कि राज्य सरकार जल्द ही इस बारे में घोषणा करेगी।
'आरआरआर' में नजर आए ये सितारे
सीएम रेड्डी ने अब बोनालू उत्सव के दौरान सिंगर के लिए एक करोड़ रुपये नकद ईनाम देने का एलान करके अपना वादा पूरा किया है। फिल्म 'आरआरआर' एक एक्शन ड्रामा फिल्म है। इसका निर्देशन एसएस राजामौली ने किया। 'नाटू नाटू' गाने को एमएम कीरावानी ने कंपोज किया। राहुल सिप्लिगंज और काल भैरव ने इसे गाया। फिल्म 'आरआरआर' में रामचरण, जूनियर एनटीआर, अजय देवगन और आलिया भट्ट जैसे सितारे नजर आए। 'नाटू नाटू' गाना रामचरण और जूनियर एनटीआर पर फिल्माया गया।