टेलर स्विफ्ट एक बार फिर अपने फैंस के लिए कुछ खास लेकर आ रही हैं। उनका नया गाना 'पेशेंट जीरो' जल्द रिलीज होने वाला है। इस म्यूजिक वीडियो में डकोटा जॉनसन और कॉलिन फैरेल साथ नजर आएंगे। खास बात यह है कि इस वीडियो का निर्देशन खुद टेलर स्विफ्ट ने किया है और इसका वर्ल्ड प्रीमियर 'एमटीवी वीएमए' में होगा।
टेलर स्विफ्ट
- फोटो : इंस्टाग्राम@taylorswift
टेलर स्विफ्ट ने दिखाई टीजर की झलक
सिंगर ने गुरुवार को अपने एक्स हैंडल पर आने वाले म्यूजिक वीडियो की एक झलक शेयर की। टीजर में स्विफ्ट और डकोटा जॉनसन को एक-दूसरे की नकल करते हुए दिखाया गया है। दोनों बाथरूम के सिंक के सामने, पानी में डाइव करते हुए नजर आए।
इसके बाद स्विफ्ट के रोते हुए चेहरे का क्लोज-अप शॉट दिखाया जाता है, जिसमें उनकी ट्रैविस केल्से से सगाई की अंगूठी साफ नजर आती है। इसके बाद फैरेल एक कार से बाहर निकलते हैं और तीनों मिलते हैं। तीनों ने ब्लैक रंग के कपड़े पहने हुए हैं।
टेलर स्विफ्ट
- फोटो : इंस्टाग्राम@taylorswift
किसने की है वीडियो की सिनेमैटोग्राफी?
वैरायटी की जानकारी के अनुसार, इस वीडियो की सिनेमैटोग्राफी ऑस्कर विजेता इम्मानुएल लुबेज़की ने की है। उन्होंने टॉम क्रूज की नई फिल्म 'डिगर'' की भी सिनेमैटोग्राफी की है।
'वैरायटी' के अनुसार, स्विफ्ट ने एक दिन पहले 'पेशेंट जीरो' की घोषणा करने के बाद बुधवार को 'द लाइफ ऑफ ए शोगर्ल: द एनकोर' के बारे में बताया। यह एल्बम पिछले साल आए 'द लाइफ ऑफ ए शोगर्ल' का ही एक बड़ा वर्जन है, जिसमें चार नए गाने - 'पेशेंट जीरो', 'क्लीवलैंड', 'पिंक क्लाउडिंग' और 'बेबीलोन' शामिल हैं।
टेलर स्विफ्ट
- फोटो : इंस्टाग्राम@taylorswift
क्या बोलीं टेलर स्विफ्ट?
स्विफ्ट ने एल्बम की घोषणा करते हुए लिखा, 'लगभग एक साल पहले, आप लोगों ने सचमुच कुछ ऐसा किया जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। कुछ ऐसा जिसने मुझे पूरी तरह हैरान कर दिया। आपने 'द लाइफ ऑफ ए शोगर्ल' को इतिहास में किसी एल्बम के लिए सबसे बड़ी ओपनिंग वीक वाली सफलता दिलाई।'
टेलर स्विफ्ट ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर आगे कहा, 'मैं इस एल्बम पर मेरे साथ काम करने वाले दो साथियों, मैक्स और शेलबैक के साथ जश्न मनाने के लिए स्वीडन गई थी। असल में हम बस उस पल के लिए शुक्रगुजार होना चाहते थे जिसमें हम थे, लेकिन वहां एक स्टूडियो था और हमने वही किया जो हम तब करते हैं जब हम कुछ महसूस करते हैं, हमने और गाने लिखे। मुझे उम्मीद है कि आपको ये गाने पसंद आएंगे, क्योंकि ये उस एल्बम के लिए आपके उत्साह और जश्न के प्रति आभार से बने हैं जिसे हमने बनाया था।'
इस बीच एक रिपोर्ट के मुताबिक, टेलर स्विफ्ट को एमटीवी वीडियो म्यूजिक अवार्ड्स में पहला 'आर्टिस्ट डायरेक्टर ऑनर्स' मिलने वाला है। यह सम्मान उन्हें म्यूजिक वीडियो निर्देशन और विजुअल स्टोरीटेलिंग में उनके योगदान के लिए दिया जा रहा है।