अभिनेत्री तनुश्री दत्ता बीते दिनों उस वक्त सुर्खियों में आ गईं जब उन्होंने बीते मंगलवार की रात को रोते हुए अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इस वीडियो में तनुश्री ने अपने घर में उन्हें परेशान किए जाने की बात कही थी। इसके बाद इस मामले पर पुलिस ने भी दखल दी थी और एक्ट्रेस के घर पहुंची थी। अब तनुश्री का कहना है कि उनके खिलाफ लॉबी तैयार की जा रही है और कुछ साल पहले जो अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ हुआ था, वो ही मेरे साथ भी हो सकता है।
सोमवार को वकील के साथ पुलिस के पास जाएंगी तनुश्री
इस पूरे मामले को लेकर मीडिया से बात करते हुए अभिनेत्री ने बताया कि वो उस दिन इसलिए रो रही थीं क्योंकि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आखिर उनके साथ ही ये सब क्यों हो रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घर पर आकर बस पूछताछ और जांच की। अभिनेत्री ने कहा कि वो सोमवार को अपने वकील के साथ पुलिस के पास इस मामले की विस्तृत जानकारी लेकर जाएंगी। उन्होंने कहा कि मैं सबकुछ लिखकर ले जाऊंगी, पिछले पांच साल में जो कुछ भी मेरे साथ हुआ है। इतनी ज्यादा बातें हैं मुझे डर है, कहीं मैं भूल न जाऊं। इसलिए अपने दोस्तों को भी साथ ले जाऊंगी।
मेरे खिलाफ एक लॉबी काम कर रही है
इस दौरान तनुश्री दत्ता ने बॉलीवुड में उनके खिलाफ लॉबी तैयार किए जाने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ये सब मुझे पागल करने के लिए किया जा रहा है। सुशांत सिंह राजपूत के साथ जो हुआ मेरे साथ भी वैसा ही हो रहा है। एक लॉबी है जो मुझे परेशान करने की कोशिश कर रही है। मेरे प्रोजेक्ट्स छीने जा रहे हैं। कई प्रोजेक्ट्स जो मेरे पास आ रहे थे, आते-आते रह गए। एक प्रोड्यूसर को तो इन लोगों ने डरा-धमकाकर वापस कर दिया।
यह खबर भी पढ़ेंः Tanushree Dutta: 'मेंटली परेशान करने की साजिश', तनुश्री का अभिनेताओं पर बड़ा आरोप; परिवार ने भी तोड़े रिश्ते
इसलिए मेड ने अचानक आना किया बंद
इन लोगों के इतने प्रयास के बाद भी मैंने हिम्मत नहीं हारी। फिर अचानक कई साल से मेरी भरोसेमंद मेड ने भी अचानक आना बंद कर दिया। वो हफ्तों-हफ्तों गायब रहने लगी। फिर उसने मुझसे कहा कि वॉचमैन ने उससे कहा कि लिफ्ट से नहीं सीढ़ियों से जाओ। इसलिए मैं नहीं आई। बाद में पता चला कि कोई नई सिक्योरिटी कंपनी आई थी। अचानक से जो पुरानी वाली थी उसे चेंज कर दिया गया था। जबकि वो सिक्योरिटी कंपनी कई वर्षों से थी और भरोसेमंद थी।