कभी बॉलीवुड की चकाचौंध में चमकती एक खूबसूरत मुस्कान, आज एक इमोशनल वीडियो के जरिए मदद की गुहार लगाते हुए नजर आ रही है। हम बात कर रहे हैं तनुश्री दत्ता की, जिन्होंने साल 2018 में भारत में मीटू आंदोलन की शुरुआत की थी। अभिनेत्री अब एक बार फिर चर्चा में हैं, हालांकि इस बार भी वजह उनकी निजी जिंदगी है, जिसमें उन्होंने उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
कुछ दिन पहले तनुश्री ने एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वो फूट-फूटकर रोती नजर आईं। उन्होंने दावा किया कि वो अपने ही घर में असुरक्षित महसूस कर रही हैं और उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उनका ये विडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया और कई लोगों ने इसे 'ड्रामा' कहकर खारिज भी कर दिया।
ये खबर भी पढ़ें:
Ekta Kapoor On ALTT: 'हम दुनिया को दिखाएंगे कि...', जब ऑल्ट ऐप को लेकर एकता कपूर ने कही थी ये बात
'मैं पिछले पांच वर्षों से डर में जी रही हूं'
अब उन्होंने एक इंटरव्यू में साफ किया है कि ये विडियो कोई प्रचार का तरीका नहीं था, बल्कि वर्षों से वो जिस दर्द से गुजर रही हैं, उसे बयां करने का तरीका था। उन्होंने कहा, '2018 के बाद मेरी जिंदगी में अजीब और खतरनाक चीजें होने लगीं। एक बार मेरी कार के ब्रेक फेल कर दिए गए थे और ऐसा भी लगा कि मेरे खाने में कुछ मिलाया जा रहा है जिससे मैं बीमार पड़ जाऊं।' उन्होंने ये भी बताया कि उनके आसपास अजीब घटनाएं होने लगी थीं, जैसे घर के बाहर निगरानी, अजनबियों की गतिविधियां और लगातार मानसिक दबाव।
'मेरे कोई खास दोस्त नहीं हैं'
तनुश्री ने बताया कि जब उन्हें सबसे ज्यादा सहारे की जरूरत थी, तब इंडस्ट्री से जुड़े उनके कुछ गिने-चुने संपर्क भी गायब हो गए। उन्होंने कहा, 'मेरे कोई खास दोस्त नहीं हैं और जिनसे थोड़ी जान-पहचान थी, वो भी साथ नहीं रहे।' जब उनसे पूछा गया कि लोग उन्हें ड्रामा क्वीन क्यों कह रहे हैं, तो तनुश्री ने कहा, 'लोगों ने 2008 में भी यही कहा था, 2018 में भी और अब फिर कह रहे हैं। लेकिन जो सहता है, वही जानता है।' तनुश्री ने कहा, 'मैं तनुश्री दत्ता हूं, मिस इंडिया यूनिवर्स। अगर मुझे वायरल होना होता, तो उसके और भी तरीके होते।'
तनुश्री दत्ता का करियर
बता दें तनुश्री दत्ता ने 2004 में फेमिना मिस इंडिया यूनिवर्स जीतकर ग्लैमर की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने ‘आशिक बनाया आपने’, ‘ढोल’ और ‘भागमभाग’ जैसी फिल्मों में काम किया और दर्शकों के बीच लोकप्रियता हासिल की। लेकिन इसके बाद वो इंडस्ट्री से गायब हो गईं। वर्षों बाद वो 2018 में लाइमलाइट में आईं जब उन्होंने एक वरिष्ठ अभिनेता पर यौन शोषण का आरोप लगाया और देश में मीटू की चर्चा को हवा दी।