करूर भगदड़ में क्या हुआ?
तमिलगा वेत्त्री कझगम (टीवीके) प्रमुख विजय की रैली के दौरान 27 सितंबर को करूर के वेलुसामीपुरम में हुई भगदड़ में 41 लोगों की जान चली गई और 60 से अधिक लोग घायल हुए थे। मामले में पुलिस ने पार्टी के जिला सचिव वीपी मथियालगन को गिरफ्तार कर लिया। मथियालगन पर भीड़ नियंत्रण में लापरवाही और पुलिस आदेशों की अवहेलना का आरोप है। भगदड़ में हुई 41 लोगों की मौत मामले में दर्ज एफआईआर में टीवीके के तीन पदाधिकारियों के नाम है, जिसमें जिला सचिव वी पी. मथियालगन, प्रदेश महासचिव बुसी आनंद और उप महासचिव निर्मल कुमार का नाम शामिल है।
Karur Stampede: सितारे...फैंस...दीवानगी और भगदड़, सेलेब्स के इवेंट में कब-कब घटीं दिल दहला देने वाली घटनाएं?
क्या विजय पर दर्ज हुआ है कोई मामला?
विजय को एफआईआर में आरोपी बनाया गया है, मगर उन पर रैली में देर से पहुंचने जैसे आरोप लगे हैं। प्रत्यक्ष रूप से उन्हें भगदड़ का आरोपी नहीं माना गया है। एफआईआर में यह जिक्र है कि विजय कार्यक्रम में जानबूझकर देरी से पहुंचे। हालांकि, फिलहाल उन पर कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। इस घटना ने अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान हुई भगदड़ की घटना की याद दिला दी है।
अल्लू अर्जुन की हुई थी गिरफ्तारी
साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2' के बीते वर्ष दिसंबर में हुए इवेंट में भी भगदड़ की घटना घटी थी। इसमें एक महिला की जान चली गई थी। दरअसल, अल्लू अपनी फिल्म 'पुष्पा 2' के प्रीमियर के दौरान 04 दिसंबर को हैदराबाद स्थित संध्या थिएटर में पहुंचे थे। उनकी एक झलक के लिए फैंस का हुजूम उमड़ पड़ा। भीड़ इतनी थी कि पुलिस प्रशासन के काबू से बाहर हो गई और वहां भगदड़ मच गई। भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई और मृतक महिला का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया था। भगदड़ के इस मामले में 13 दिसंबर को अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद एक्टर को नामपल्ली कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने एक्टर से करीब तीन घंटे पूछताछ की। अल्लू के वकीलों ने हाईकोर्ट में अपील की, जहां से उन्हें उसी दिन अंतरिम जमानत मिल गई थी।
Vijay: भगदड़ मामले पर विजय ने जताया दुख, मृतकाें को देंगे 20 लाख मुआवजा; यूजर्स ने पूछा- रैली से भागे क्यों?
विजय और अल्लू के खिलाफ एक्शन में अंतर
'पुष्पा 2' के प्रीमियर के दौरान मची भगदड़ में एक की मौत के बाद अल्लू अर्जुन के खिलाफ न सिर्फ एफआईआर हुई थी, बल्कि गिरफ्तारी भी हुई थी। पूछताछ के लिए पुलिस थाने में चक्कर लगे। मगर, करूर रैली में 41 लोगों ने जान गंवाई है। इसके बावजूद विजय के खिलाफ एफआईआर नहीं हुई है। इस मामले में दर्ज एफआईआर में यह कहा गया है कि पार्टी अध्यक्ष विजय जानबूझकर रैली में देर से पहुंचे, जिससे भीड़ में बेचैनी और अफरा-तफरी मच गई। पुलिस चेतावनियों के बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने भीड़ को संभालने की जिम्मेदारी नहीं निभाई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य दोषियों की तलाश जारी है।