दक्षिण भारतीय सिनेमा और राजनीतिक हलकों से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज अभिनेता एम आर राधा की तीसरी पत्नी और जानी-मानी अभिनेत्री राधिका शरतकुमार की मां गीता राधा का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वो लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों और स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं।
गीता राधा का अंतिम संस्कार
गीता राधा का पार्थिव शरीर चेन्नई के पॉयस गार्डन स्थित उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। जहां परिवार, रिश्तेदारों के साथ फिल्म जगत और राजनीतिक हस्तियों का तांता लग रहा है। परिवार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार 22 सितंबर की शाम 4:30 बजे चेन्नई के बेसेंट नगर श्मशान घाट में किया जाएगा।
परिवार और फिल्म जगत से गहरा नाता
एम.आर. राधा, जो अपने जमाने के मशहूर अभिनेता और थियेटर कलाकार रहे, उनकी तीन पत्नियां और कुल 12 संतानें थीं। गीता राधा उनकी तीसरी पत्नी थीं। उनके बच्चों में प्रमुख नाम राधिका शरतकुमार और अभिनेत्री निरोशा शामिल हैं। वहीं एम.आर. राधा की दूसरी पत्नी धनलक्ष्मी के बेटे राधा रवि भी फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। इस तरह गीता राधा एक ऐसे परिवार का हिस्सा थीं, जिसने दक्षिण भारतीय सिनेमा को कई कलाकार दिए।
यह खबर भी पढ़ें:
Navratri Special: 'कहानी' से लेकर 'दंगल' तक, नारी शक्ति और साहस को दिखाती ये हिट फिल्में
बेटी राधिका के लिए बड़ा आघात
कुछ समय पहले ही राधिका ने अपना जन्मदिन अपनी मां के साथ मनाया था। महज एक महीने बाद मां के निधन की खबर ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया है। अपने बयान में राधिका ने कहा कि उनकी मां ने न केवल परिवार को संवारने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि समाज सेवा में भी सक्रिय योगदान दिया। उन्होंने इसे अपने परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
श्रद्धांजलि देने उमड़े लोग
चेन्नई स्थित गीता राधा के निवास पर सोमवार सुबह से ही श्रद्धांजलि देने वालों की भीड़ लगी रही। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े दिग्गज कलाकारों के साथ-साथ राजनीतिक जगत के बड़े नेता भी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। सोशल मीडिया पर भी कई फिल्मी हस्तियों और नेताओं ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और राधिका व उनके परिवार के प्रति शोक प्रकट किया।
गीता राधा का योगदान
हालांकि गीता राधा ने फिल्मों में सक्रिय भूमिका नहीं निभाई, लेकिन वह एक ऐसे परिवार की स्तंभ थीं, जिसने दक्षिण भारतीय फिल्म जगत को कई लोकप्रिय चेहरे दिए। परिवार और समाज में उनकी भूमिका को लेकर लोग उन्हें याद कर रहे हैं।