‘वो हमेशा अच्छाई, सच्चाई और प्रेम के साथ खड़े रहते थे’
श्वेता ने साफ कहा कि सुशांत के नाम का इस्तेमाल नफरत या नकारात्मकता फैलाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने लिखा कि जो लोग भाई को जानते थे, वो ये बात समझते हैं कि वो हमेशा अच्छाई, सच्चाई और प्रेम के साथ खड़े रहते थे। उन्होंने आगे कहा कि हर बार जब हम किसी की मदद करते हैं, किसी को बिना शर्त अपनाते हैं या कुछ नया सीखने के लिए प्रयास करते हैं, तब हम सुशांत को जीवित रखते हैं।
श्वेता ने इस मौके पर यह भी बताया कि सीबीआई ने अब अपनी रिपोर्ट कोर्ट में सौंप दी है और परिवार उसे प्राप्त करने की प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा कि भले ही इंसाफ की राह लंबी हो, पर विश्वास और उम्मीद को कभी नहीं छोड़ना चाहिए।
श्वेता ने कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं
वीडियो के साथ-साथ श्वेता ने कुछ थ्रोबैक तस्वीरें भी शेयर कीं, जिनमें सुशांत अपने पिता और श्वेता के साथ नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों में उनकी हंसी, उनके चेहरे पर सजी वो मासूमियत आज भी देखने वालों की आंखें नम कर देती है।
गौरतलब है कि श्वेता सिंह कीर्ति ने सुशांत की मौत के बाद से ही लगातार न्याय की मांग उठाई है। मार्च 2024 में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अपील की थी कि इस मामले की जांच को तेज किया जाए। सुशांत के चाहने वालों के लिए यह दिन सिर्फ एक अभिनेता की याद का नहीं बल्कि एक प्रेरणा की विरासत को जीवित रखने का दिन है।