अभिनेता सनी देओल इन दिनों अपनी आगामी फिल्मों को लेकर सुर्खियों में हैं। एक तरफ वे 'बंटवारा 1947' में नजर आएंगे। तो वहीं, 'इक्का' के जरिए वे अपना ओटीटी डेब्यू करने जा रहे हैं। इसके अलावा मेगा बजट फिल्म 'रामायण' भी उनकी झोली में हैं। इस बीच वे अपने बदले हुए लुक को लेकर चर्चा में आ गए हैं।
डैशिंग अंदाज में नजर आए सनी देओल
सनी देओल का एक वीडियो सामने आया है। वे मुंबई की रिमझिम बारिश के बीच नजर आए। गौर करने वाली बात यह है कि लंबे वक्त से बियर्ड लुक में दिखने वाले सनी देओल क्लीनशेव लुक में दिखे। ब्लू शर्ट और डेनिम में अभिनेता डैशिंग लगे। साथ में काला चश्मा ने उनके लुक को और निखार दिया।
क्या 'रामायण' के लिए शुरू की तैयारी?
सनी देओल का यह बदला हुआ अंदाज देखकर उनके फैंस और इंटरनेट यूजर्स चौंक गए। यूजर्स उनके इस बदले हुए लुक को फिल्म 'रामायण' से जोड़कर देख रहे हैं। कई यूजर्स पूछ रहे हैं कि क्या उन्होंने फिल्म 'रामायण' में अपने रोल की तैयारी शुरू कर दी है? बता दें कि वे नितेश तिवारी की 'रामायण' में भगवान हनुमान का किरदार अदा करेंगे। रणबीर कपूर फिल्म में प्रभु राम की भूमिका अदा करने वाले हैं और साई पल्लवी माता सीता के रोल में नजर आएंगी।
सनी देओल की आगामी फिल्में
अभिनेता सनी देओल की फिल्मों की बात करें तो 'इक्का', 'बंटवारा 1947' और 'रामायण' के अलावा वे 'गबरू' में भी दिखाई देंगे। फिल्म 'इक्का' ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर 10 जुलाई 2026 को रिलीज होगी। फिल्म में सनी देओल वकील की भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनका 'दामिनी' वाला अंदाज फिर दिखाई देगा। 'इक्का' में अक्षय खन्ना भी अहम भूमिका में हैं। वहीं, 'बंटवारा 1947' 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में सजेगी। इस फिल्म में करण देओल और प्रीति जिंटा भी हैं।