बीते दिनों स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना पर एक केस को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है शीर्ष अदालत ने उन्हें पिछले आदेश का पालन न करने पर फटकार भी लगाई थी। दरअसल, समय रैना पर दिव्यांग व्यक्तिों पर असंवेदनशील टिप्पणी करने का आरोप है। समय पर जुर्माना लगने के बाद कॉमेडियन सुनील पाल ने भी उन्हें खरी-खोटी सुनाई।
क्या बोले सुनील पाल?
इंस्टेंट बॉलीवुड से की गई बातचीत में सुनील पाल कहते हैं, ‘सिर्फ तीन लाख का जुर्माना। जिस तरह की समय रैना की हरकत है, उस पर 30 लाख या 30 करोड़ का भी जुर्माना लग सकता है।’
वह आगे कहते हैं, ‘समय रैना समय रहते ही सुधर जाओ, वरना बुरा समय आते समय नहीं लगता है।’
समय रैना के शो पर कभी नहीं जाएंगे सुनील
बीते दिनों कॉमेडियन सुनील पाल एक इवेंट में शामिल हुए थे। उस इवेंट से उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह कहते हैं, ‘समय रैना ने मुझसे बात की थी, 25 लाख देने की बात भी कही थी लेकिन मैंने कहा कि मैं गाली नहीं दूंगा। इस पर वह बोला कि सर आप गाली मत देना।’ इस तरह सुनील पाल ने जता दिया कि वह समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में नहीं जाएंगे।
समय रैना
- फोटो : इंस्टाग्राम-@maisamayhoon
समय रैना ने दिव्यांग व्यक्ति का बनाया था मजाक
बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट 'क्योर एसएमए इंडिया फाउंडेशन' द्वारा दायर एक याचिका पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि समय रैना ने एसएमए के इलाज की अधिक लागत पर असंवेदनशील टिप्पणी की थी, ऐसी दिव्यांगता वाले व्यक्ति का मजाक भी उड़ाया था।
बता दें कि पिछले साल अगस्त में भी सुप्रीम कोर्ट ने 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के होस्ट समय रैना और उनके साथी कॉमेडियनों को विकलांगता और दुर्लभ आनुवंशिक विकारों वाले लोगों का मजाक उड़ाने के लिए बिना शर्त माफी मांगने का निर्देश दिया था।