दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) के ‘इंजीफेस्ट 2025’ में रविवार को सोनू निगम को अपना कॉन्सर्ट बीच में ही रोकना पड़ा। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक शो के दौरान तब अफरा-तफरी मच गई, जब भारी भीड़ में से छात्र-छात्राओं ने मंच पर पत्थर और बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं, जिससे उनकी टीम मुश्किल में पड़ गई।
हालांकि, ऐसा कोई वीडियो सामने नहीं आया जिसमें सिंगर के ऊपर पब्लिक कुछ फेंकती नजर आई हो। बाद में खुद सोनू निगम ने भी इन दावों को खारिज कर दिया। जानिये क्या है पूरा मामला...
सोनू निगम ने की विनती
कई मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि पत्थर और बोतल फेंके जाने के बाद सोनू ने स्टेज से विनती की। उन्होंने कहा, "मैं आपके लिए आया हूं यहां पर ताकि हम सब अच्छा समय बिता सकें। मैं आपसे यह नहीं कह रहा कि आप मजा ना लें, लेकिन कृपया ऐसा ना करें।" उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अफरा-तफरी में उनकी टीम के सदस्य घायल हो रहे हैं।
यह खबर भी पढ़ें:
Celebs Marriage: 2025 में कौन सी जोड़ी बंधेगी शादी के बंधन में? जानिए किसके घर बज सकती है सबसे पहले शहनाई
शो के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
सोनू निगम के शो के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, हालांकि, कोई भी घटना से संबंधित वीडियो अभी तक सामने नहीं आया है। वायरल हो रहे वीडियो में सोनू निगम की प्रस्तुति का शांतिपूर्ण ढंग से लोग आनंद उठाते दिख रहे हैं।
खुद सोनू ने दी सफाई
बाद में खुद सोनू निगम ने दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में अपने लाइव कॉन्सर्ट में कथित पत्थरबाजी की घटना के बारे में बात की। गायक ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि पत्थरों या बोतलों से ऐसा कोई हमला नहीं हुआ, जैसा कि कुछ मीडिया की खबरों ने बताया है।
इंस्टाग्राम पर कॉन्सर्ट की तस्वीरें साझा करते हुए सोनू ने खुलासा किया कि भीड़ में से किसी ने उन पर केवल एक वेप फेंका था, जिसके बाद उन्होंने छात्रों से शो का आनंद लेने और मंच पर चीजें न फेंकने का अनुरोध किया।