साल 1999 में रिलीज हुई फिल्म बादशाह में शाहरुख खान और ट्विंकल खन्ना के अलावा जॉनी लीवर, अमरीश पुरी, राखी गुलजार, प्रेम चोपड़ा, शरत सक्सेना, सचिन खेडेकर, पंकज धीर, दीपशिखा और सौरभ शुक्ला ने अहम भूमिका निभाई थी। अब इस फिल्म में ट्विंकल खन्ना द्वारा निभाए गए किरदार को लेकर एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है।
ट्विंकल खन्ना नहीं थीं निर्माता की पहली पसंद
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म निर्माता रतन जैन ने कहा, "पहले हमने करिश्मा कपूर पर विचार किया था। उन्हें लगभग फाइनल कर लिया गया था, लेकिन फिर किसी कारण से वह यह फिल्म नहीं कर पा रही थीं। फिर हमने कुछ और अभिनेत्रियों के बारे में विचार किया। आखिर में हमने फिर ट्विंकल खन्ना को फाइनल किया।"
शाहरुख हमेशा से थे पहली च्वाइस
वहीं जब एक इंटरव्यू के दौरान निर्देशक जोड़ी से शाहरुख खान की भूमिका के लिए अक्षय कुमार पर विचार किए जाने की बात को पूछा गया तो उन्होंने कहा, "बिल्कुल नहीं। शाहरुख हमेशा पहली पसंद थे। शाहरुख ने फिल्म में बहुत सारे चेंजेस किए, जो फिल्म के लिए लाभदाक साबित हुए। वो कमाल के एक्टर हैं ! चाहे फिर कॉमेडी हो या सीरियस एक्ट, वो हर एक चीज में बहुत अच्छे हैं।'' आगे निर्माता ने कहा, ''फिल्म में कुछ कार्ड ट्रिक्स वास्तव में शाहरुख खान ने खुद किए थे, जो सेट पर एक जादूगर ने उन्हें सिखाए थे। फिल्म में कोई ग्राफिक्स या वीएफएक्स का इस्तेमाल नहीं किया गया था। लोग अभी भी फिल्म देखते हैं और आश्चर्य करते हैं कि उन्होंने यह कैसे किया!"
'बादशाह' में शाहरुख खान ने एक जासूस की भूमिका निभाई थी, जिसके पास गैजेट और जूते जैसी तकनीक थी, जिससे वह दीवारों पर चढ़ सकता था। यह फिल्म शाहरुख खान की सबसे लोकप्रिय फिल्मों में एक रही। हालांकि, जब यह फिल्म पहली बार रिलीज हुई थी, तो इसने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था, लेकिन बाद में यह फिल्म दर्शकों को पसंद आई।