साउथ एक्टर विजय देवरकोंडा की हालिया रिलीज फिल्म ‘किंगडम’ बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ा कलेक्शन नहीं कर पा रही। लेकिन यह फिल्म एक विवाद में उलझती नजर आ रही है। फिल्म ‘किंगडम’ पर श्रीलंकन तमिलों का अपमान करने का आरोप लग रहा है। इस मामले में फिल्म के मेकर्स की सफाई भी सामने आई है।
‘किंगडम’ के मेकर्स ने दी सफाई
विजय देवरकोंडा स्टारर फिल्म ‘किंगडम’ के मेकर्स ने श्रीलंकन तमिल के अपमान वाली बात को लेकर अपना पक्ष रखा है। फिल्म को बनाने वाले प्रोडक्शन हाउस सितारा एंटरटेनमेंट ने कहा, ‘हम तमिल लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हैं। हम वादा करते हैं कि फिल्म में ऐसा कोई भी सीन नहीं है जो लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाता हो। यह कहानी पूरी तरह से एक काल्पनिक कहानी है। इसका जिक्र फिल्म के डिस्क्लेमर में भी किया गया है।’
मेकर्स आगे कहते हैं, ‘अगर फिर भी लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, तो हमें इस बात के लिए खेद है। हम आपसे रिक्वेस्ट करते हैं कि फिल्म को सपोर्ट करें।’
ये खबर भी पढ़ें:
Betting App Case: ईडी के सामने पेश हुए विजय देवरकोंडा, ऑनलाइन सट्टेबाजी एप केस से जुड़ा है मामला
क्या है पूरा मामला
तमिल काची यानी एनटीके (एक तमिल समर्थक पार्टी ) के कार्यकर्ताओं ने तमिलनाडु के मदुरै और त्रिची के थिएटर के बाहर ‘किंगडम’ फिल्म काे लेकर प्रोटेस्ट किया। फिल्म को बैन करने की मांग की। इस पार्टी के सचिव सरवनन का कहना है, ‘यह फिल्म लिट्टे (लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम) के फाइटर्स और ईजाम तमिलों का अपमान करती है। फिल्म में हिस्ट्री को तोड़-मरोड़ कर पेश करने की कोशिश की गई है।’ इस सारे हगांमे के बीच फिल्म दिखाने वाले थिएटर्स ने मद्रास हाईकोर्ट से पुलिस सुरक्षा की मांग की है।
बॉक्स ऑफिस पर कम हो चुकी है ‘किंगडम’ की कमाई
विजय देवरकोंडा की फिल्म 'किंगडम' को सिनेमाघरों में लगे हुए आज एक हफ्ता पूरा हो चुका है। आज यानी 7वें दिन इस फिल्म ने 56 लाख रुपये (शुरुआती आंकड़े) ही कमाए हैं। फिल्म का कुल कलेक्शन भी अब तक 45.21 करोड़ रुपये हुआ है। कलेक्शन के मामले में यह फिल्म कमजोर साबित हुई है।