तमिल सुपरस्टार थलापति विजय तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में ‘जन नायक’ बनकर उभरे हैं। उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। अपने पहले ही चुनाव में विजय ने शानदार जीत हासिल करके दिखा दिया कि अब वो तमिलनाडु के नए ‘मास्टर’ बनने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। हालांकि, पिछले एक साल में विजय ने राजनीतिक हमलों से लेकर व्यक्तिगत हमलों और तलाक तक काफी कुछ झेला है।
थलापति विजय के लिए यहां तक का सफर इतना आसान नहीं रहा। उन्होंने राजनीति में आने के लिए अपने करियर तक को त्याग दिया और फिल्मों से संन्यास ले लिया। इस दौरान उन पर राजनीतिक आरोपों से लेकर, व्यक्तिगत आरोप तक लगे। एक ओर जहां वो अपनी राजनीतिक रैली में भगदड़ के चलते वो विरोधियों के निशाने पर रहे। वहीं दूसरी ओर अपनी पत्नी से तलाक की खबरों और अभिनेत्री तृषा कृष्णन से अफेयर की चर्चाओं के चलते भी विजय सुर्खियों में रहे। इस दौरान कई ऐसे मौके भी आए जब थलापति विजय स्टेज पर ही भावुक हो गए और अपने आंसू नहीं रोक पाए।
फिल्मों से संन्यास लेते वक्त भावुक हो गए थे विजय
थलापति विजय ने राजनीति में आने के लिए एक्टिंग को छोड़ दिया और फिल्मों से संन्यास ले लिया। उनकी आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ है, जो पिछले चार महीनों से अटकी हुई है और अपनी रिलीज का इंतजार कर रही है। पिछले साल जब विजय ने एक्टिंग छोड़ने का ऐलान किया था, तब उन्होंने मदुरै में एक इवेंट किया था। इसमें फैंस की भारी भीड़ पहुंची। यहां जो प्यार मिला, उसे देख थलपति विजय अपने आंसू नहीं रोक सके और पेरेंट्स के सामने ही रो पड़े थे।
इसके अलावा पिछले साल मलेशिया में अपनी आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ के ऑडियो लॉन्च के दौरान भी विजय भावुक हो गए थे। विजय ने अपने विदाई भाषण में कहा था, ‘पता नहीं यह कहना चाहिए या नहीं, लेकिन मेरी आखिरी फिल्म थोड़ी दर्दनाक है, है न? आप मुझसे क्या चाहते हैं?’ अपनी 33 साल की यात्रा को याद करते हुए, विजय ने कहा था, ‘मुझे फिल्म इंडस्ट्री में रेत का एक छोटा सा घर बनाने की उम्मीद की थी, लेकिन आपने (प्रशंसकों) महल दे दिया।’
प्रशंसकों का उत्साह देख आंसू नहीं रोक पाए विजय
थलापति विजय अपनी चुनावी रैलियों के दौरान भी कई बार भावुक हो गए। फरवरी 2026 में वेल्लोर की एक चुनावी रैली के दौरान विजय भावुक हो गए थे। रैली के दौरान, जब उन्होंने अपने समर्थकों की भारी भीड़ और अटूट समर्थन देखा, तो मंच पर भावुक हो गए।
‘जन नायकन’ के लीक होने और रिलीज टलने पर भावुक हुए थलापति
पिछले दिनों जब थलापति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ ऑनलाइन लीक हो गई थी, तब भी एक रैली के दौरान विजय इस बारे में बात करते हुए भावुक हो गए थे। इस दौरान विजय ने कहा था, ‘जन नायकन की रिलीज रोकने की कोशिश की गई, लेकिन फिर भी वो मेरा हौसला नहीं तोड़ पाए।
मुझ पर एसओपी लगाया गया, लेकिन इससे भी न तो मेरा हौसला टूटा और न ही प्रचार पर असर पड़ा। चुनाव के करीब आते ही मेरे खिलाफ पर्सनल लाइफ को लेकर भी हमले किए गए, गंभीर आरोप लगाए गए। इन सब बातों का न तो मुझ पर कोई असर हुआ और न ही जीत के मेरे आत्मविश्वास पर।’ हालांकि, अपने इस भाषण के दौरान विजय अपने आंसू नहीं रोक पाए। इस दौरान अभिनेत्री तृषा कृष्णन से भी विजय का नाम जोड़ा गया। राजनीतिक विरोधियों ने भी तृषा को लेकर विजय पर रैलियों में तंज कसा।
पूर्व ड्राइवर के बेटे को दिया टिकट, वफादारी देख छलक आए आंसू
ऐसा ही एक भावुक पल उस समय भी देखने को मिला, जब विजय ने अपने पूर्व ड्राइवर को 30 साल की वफादारी का इनाम दिया। विजय ने अपने पूर्व ड्राइवर और वर्तमान पर्सनल असिस्टेंट राजेंद्रन के बेटे सबरिनाथन को विधानसभा चुनाव में पार्टी से उम्मीदवार बनाया।
घोषणा के दौरान जैसे ही सबरिनाथन का नाम टीवीके उम्मीदवार के तौर पर लिया गया वह और उनके पिता दोनों भावुक हो गए। सबरिनाथन ने मंच पर विजय के पैर छुए और उन्हें गले लगा लिया, जिसके बाद वह रोने लगे। इस दौरान विजय ने खुद आगे बढ़कर उनके आंसू पोंछे, जबकि पिता राजेंद्रन भी भावुक नजर आए। इस भावुक पल में विजय भी अपने आंसू नहीं रोक पाए।