तमिल फिल्म इंडस्ट्री से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां टीवी की दुनिया के जाने-माने कलाकार एक्टर पवन का निधन हार्ट अटैक की वजह से हो गया। वह महज 25 साल के थे। इस खबर से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े हर शख्स को तगड़ा झटका लगा है। हर कोई पवन के निधन पर दुख व्यक्त कर रहा है।
मुंबई स्थित घर में पड़ा दिल का दौरा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पवन को शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे दिल का दौरा पड़ा। उस वक्त वह अपने मुंबई स्थित घर में थे। बता दें कि पवन की उम्र महज 25 साल थी। वह तमिल और हिंदी टेलीविजन इंडस्ट्री में अच्छा-खासा नाम कमा चुके थे। अपनी दमदार अदाकारी से वह फैंस का दिल बेहद आसानी से जीत लेते थे।
इसे भी पढ़ें- Vijay: 'दलपति 68' में डबल रोल में नजर आएंगे विजय? फिल्म को लेकर आया बड़ा अपडेट
सदमे में हैं पवन के परिजन
बता दें कि पवन मांड्या जिले से ताल्लुक रखते थे। इस खबर की जानकारी मिलने के बाद पवन के पिता नागाराजू और मां सरस्वती सदमे में हैं। परिवार और दोस्त पवन का शव मांड्या ले गए हैं, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बेहद कम उम्र में होनहार कलाकार के इस दुनिया को अलविदा कहने से हर कोई दुखी है।
काम की वजह से मुंबई में रहते थे पवन
कर्नाटक से ताल्लुक रखने वाले पवन अपने काम की वजह से मुंबई में अपने परिवार के साथ रहते थे। हालांकि, उनके निधन की असली वजह अब तक सामने नहीं आई है। अटकलें लग रही हैं कि हार्ट अटैक की वजह से उनकी मौत हुई है। मांड्या के विधायक एचटी मंजू, पूर्व विधायक केबी चंद्रशेखर, पूर्व मंत्री केसी नारायण गौड़ा, पूर्व विधायक बी प्रकाश, टीएपीसीएमएस चेयरमैन बीएल देवराजू, कांग्रेस नेता बुकानाकेरे विजय रामेगौड़ा, ब्लॉक कांग्रेस प्रमुख बी नागेंद्र कुमार, जेडीएस नेता अक्किहेबबालू रघु, युवा जनता दल प्रदेश महासचिव कुरुबहाल्ली नागेश समेत तमाम लोगों ने पवन के निधन पर शोक व्यक्त किया है।