अक्षया का दावा- 'किसी और ने डाल दिया वोट'
तमिल अदाकारा अक्षया हरिहरण ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने दावा किया कि उनका वोट कोई और डालकर चला गया। उन्होंने इसे चौंकाने वाली घटना बताया। साथ ही एक्ट्रेस के इस दावे ने मतदान प्रक्रिया पर भी सवालिया निशान लगा दिया है। अक्षया का दावा है कि अडयार के एक मतदान केंद्र पर उनके नाम से किसी और ने पहले ही वोट डाल दिया। जब वे मतदान करने पहुंचीं तो उन्हें मालूम हुआ कि उनके फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल करके उनका वोट पहले ही डाला जा चुका है।
एक्ट्रेस ने वेरिफिकेशन पर उठाया सवाल
अभिनेत्री को मतदान कर्मियों ने वोट डालने से रोका तो उन्होंने अपने सभी डॉक्यूमेंट दिखाए। इसके बाद भी उन्हें मतदान की अनुमति नहीं दी गई। इस घटना के बाद अक्षया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर पूरा वाकया बताया और मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। अक्षया ने कहा, ''मैं यहां बस यह बताने आई हूं कि किसी और ने पहले ही मेरा वोट डाल दिया है। यह सच में चौंकाने वाली बात है। मेरा दूसरा नाम हरिहरन है, इसलिए कागज पर सब कुछ सही है। बस फोटो अलग है। इसलिए उन्हें पहले ही जांच कर लेनी चाहिए थी, क्योंकि कोई और मेरी जगह वोट कैसे डाल सकता है? उन्होंने आगे आरोप लगाया कि एंट्री के सामने एक फिंगरप्रिंट का निशान लगा हुआ था, जिससे बूथ पर होने वाले वेरिफिकेशन पर सवाल उठते हैं।
बोलीं - 'ऐसा नहीं लगा कि मैंने मतदान किया'
इस समस्या के बावजूद हालांकि, अक्षया ने कहा कि उन्हें आखिरकार वोट डालने की अनुमति मिल गई, जो कि एक 'टेंडर वोट' जैसा लग रहा था। उन्होंने इस प्रक्रिया को लेकर अनिश्चितता जहिर की। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें पारदर्शिता की कमी थी। उन्होंने कहा, 'मुझे यह सही नहीं लगा, क्योंकि यह महज एक कागज था और उन्होंने इसे मेरे सामने सील भी नहीं किया। मेरे सवालों का जवाब किसी के पास नहीं था। यह सचमुच निराशाजनक है'। अक्षया ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर स्याही लगी उंगली फ्लॉन्ट करते हुए तस्वीर साझा की है। इसके साथ लिखा है, 'मुझे ऐसा नहीं लगा कि मैंने सच में वोट दिया है, क्योंकि यह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से नहीं हुआ था। हालांकि, मैं इससे बेहतर कुछ नहीं कर सकती थी'। एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि वे रिटर्निंग ऑफिसर के पास शिकायत दर्ज कराने की योजना बना रही हैं।