हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में मल्टी ऑर्गन फेलियर के बाद अभिनेता शरत बाबू का मंगलवार को चेन्नई में अंतिम संस्कार किया जाएगा। अभिनेता रजनीकांत चेन्नई में दिवंगत अभिनेता शरत बाबू के घर उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।
बीते दिन साउथ सिनेमा से एक दुख भरी खबर सामने आई थी। दरअसल, 22 मई को दोपहर करीब 1.30 बजे हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में जाने-माने अभिनेता शरत बाबू का निधन हो गया था। इस खबर ने पूरी दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री को झंझोर कर रख दिया था। तमिल और तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियां और अभिनेता के फैंस उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। इसी क्रम में साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत दिवंगत अभिनेता के घर उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।
विज्ञापन
अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे रजनीकांत
हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में मल्टी ऑर्गन फेलियर के बाद अभिनेता शरत बाबू का मंगलवार को चेन्नई में अंतिम संस्कार किया जाएगा। दिग्गज के निधन के बाद, रजनीकांत, जूनियर एनटीआर, प्रकाश राज और चिरंजीवी जैसी कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही रजनीकांत तो शरत बाबू के घर भी पहुंचे। जी हां, अभिनेता रजनीकांत चेन्नई में दिवंगत अभिनेता शरत बाबू के घर उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।
क्या बोले रजनीकांत?
रजनीकांत जब दिवंगत अभिनेता के अंतिम दर्शन कर बाहर निकले तब उन्होंने मीडिया से बातचीत की। रजनीकांत ने शरत बाबू को अच्छा इंसान बताते हुए उनके लिए दो शब्द कहे। रजनीकांत बोले, 'शरत बाबू एक अच्छे इंसान थे। मैंने उसे कभी गुस्से में नहीं देखा। उनकी सभी फिल्में बहुत बड़ी हिट रहीं। उनका मेरे प्रति बहुत स्नेह था। उनके निधन से मैं दुखी हूं।'
विज्ञापन
आज होगा अंतिम संस्कार
शरत बाबू बीमारी के चलते कुछ हफ्ते से अस्पताल में भर्ती थे। वह 71 वर्ष के थे। उनका निधन 22 मई को हैदराबाद में हुआ। अभिनेता का अंतिम संस्कार आज 23 मई को होगा। शरत बाबू तमिल और तेलुगू सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक थे। लगभग चार दशकों के अपने करियर में, उन्होंने तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम और हिंदी में 200 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया था।